गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को कई तरह के शारीरिक और मानसिक बदलावों का सामना करना पड़ता है। इनमें से एक सामान्य समस्या है प्यूबिक एरिया में दर्द, जो कि ज्यादातर महिलाओं को गर्भावस्था के चौथे महीने से होने लगता है। यह समस्या तब होती है जब गर्भाशय का बढ़ता वजन और हार्मोनल बदलाव पेल्विक पर दबाव डालने लगते हैं। इससे चलने-फिरने में कठिनाई, बैठने और उठने के दौरान असुविधा होती है। इसके अलावा, प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं, जो पेल्विक लिगामेंट्स को ढीला कर सकते हैं इससे दर्द और असुविधा होती है। यह दर्द आमतौर पर दूसरी या तीसरी तिमाही में ज्यादा महसूस होता है, जब पेट का आकार बढ़ने लगता है। इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं कि प्रेग्नेंसी के दौरान प्यूबिक एरिया के दर्द को कम करने के लिए क्या करना चाहिए।

तनाव से बनाएं दूरी

गर्भावस्था के दौरान तनाव और ज्यादा शारीरिक मेहनत से बचें। शरीर को नियमित अंतराल पर आराम दें। पेल्विक एरिया पर ज्यादा दबाव डालने से बचने के लिए दिनभर में छोटे-छोटे ब्रेक लें। सोने के दौरान भी, करवट बदलने या उठने के समय सावधानी बरतें ताकि प्यूबिक दर्द में राहत मिल पाए।

बैठकर पहनें कपड़े

गर्भावस्था के दौरान कपड़े पहनने या उतारने के समय बैठकर यह काम करना बेहतर रहेगा। खड़े होकर कपड़े पहनने से प्यूबिक एरिया पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा, जिससे दर्द भी बढ़ सकता है। बैठकर कपड़े पहनने से पेल्विक मांसपेशियों को सहारा मिलेगा और दर्द कम होगा।

अपने शरीर की सुनें

गर्भावस्था के दौरान एक्टिव रहने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है लेकिन यदि प्यूबिक दर्द हो तो आपको अपने शरीर की सुननी चाहिए। योग जैसे हल्के व्यायाम मददगार होंगे लेकिन हैवी एक्सरसाइज से बचे हालांकि किसी भी प्रकार की एक्सरसाइज करने से पहले डॉक्टर से परामर्श लें।

तकिए का लें सहारा

सोते समय प्यूबिक दर्द को कम करने के लिए पैरों के बीच एक तकिया रखें। इससे बहुत मदद मिलेगी। यह पेल्विक एरिया को आराम देगा और कूल्हों को सही स्थिति में रखने में मदद करेगा। कई महिलाएं गर्भावस्था के दौरान विशेष गर्भावस्था तकिए का इस्तेमाल करती हैं, जो उनके शरीर के आकार के अनुसार सहारा देते हैं।

सही फुटवियर पहनें

इस दौरान प्यूबिक दर्द से बचने के लिए सही जूते चुनें। सही जूते और चप्पल पेल्विक एरिया पर दबाव को कम करेंगे और आपको अधिक आरामदायक महसूस करवाएंगे। ऊंची एड़ी के जूते पहनने से बचें ऐसा इसलिए, क्योंकि इससे आपकी पीठ और पेल्विक पर अधिक दबाव पड़ेगा।

गर्भावस्था के दौरान प्यूबिक दर्द एक सामान्य समस्या है, लेकिन इसे मैनेज करने के लिए कुछ सरल उपाय और लाइफस्टाइल में बदलाव मदद करें। एक्टिव रहें, सही जूतों का चयन, वजन का संतुलन बनाए रखना और सोने के दौरान तकिए का उपयोग करने से इस दर्द को कम करने में मदद मिलेगी। यदि प्यूबिक दर्द असहनीय हो जाए या लंबे समय तक बना रहे तो तुरंत अपने डॉक्टर से परामर्श करें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *