आज के समय में तो हर कोई बालों के झड़ने की समस्या से परेशान है। हेयर फॉल के बहुत से कारण हो सकते हैं, जैसे कि गलत खानपान, तनाव, हार्मोनल बदलाव, प्रदूषण, खराब स्कैल्प हेल्थ, जीन्स आदि। इसे छुपाने के लिए फिर टोपी पहनना शुरू कर देते हैं, लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि टोपी पहनने से हेयर फॉल की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है।
इसलिए ऐसे में अगर आपके मन में भई हेयर फॉल और टोपी को लेकर कोई विवाद चल रहा है तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। चलिए एक्सपर्ट्स से जानते हैं कि क्या टोपी हेयर फॉल की परेशानी को ज्यादा बढ़ा सकती है या नहीं?
एक्सपर्ट का कहना
इस मामले पर सेलिब्रिटी डर्मेटोलॉजिस्ट और हेयर एक्सपर्ट डॉ. प्रियंका रेड्डी बताती हैं कि टोपी या कैप पहनने से डायरेक्ट हेयर फॉल नहीं होता है लेकिन कुछ स्थिति में बालों के झड़ने की परेशानी बढ़ भी सकती हैं। डॉ. के अनुसार रोजाना एक ही कैप या गंदी टोपी पहनने से टोपी पर सीबम, डर्ट और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं और ये वापस आपकी स्कैल्प पर ट्रांसफर हो सकते हैं और फिर स्कैल्प पर इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में बाल झड़ने की परेशानी बढ़ जाती है।
इसके अलावा वे बताती हैं कि अगर आप बहुत टाइट कैप पहनते हैं, तो इससे ट्रैक्शन एलोपेसिया (Traction Alopecia) का खतरा बढ़ जाता है। इसमें बाल जड़ों से कमजोर हो जाते हैं, जो बाल झड़ने की एक बड़ी वजह बन सकते हैं।
जानें सही तरीका
डॉक्टर कहती हैं कि अगर साफ-सुथरी और सही फिटिंग वाली टोपी पहनते हैं और स्कैल्प हाइजीन का ध्यान रखते हैं, तो इससे बालों पर कोई खास असर नहीं पड़ता। इसका मतलब ये हुआ कि टोपी पहनने से पहले सफाई और फिटिंग पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
