कपड़े धोने के लिए डिटर्जेंट का उपयोग पुरानी परंपरा है। इससे कपड़ों पर जमी गंदगी, बदबू और कीटाणु आसानी से हटाए जा सकते हैं। इसके बाद फैब्रिक सॉफ्टनर्स जैसे प्रोडक्ट्स ने कपड़ों को मुलायम और खुशबूदार बनाने का काम किया है। हालांकि, एक नई रिसर्च ने इस प्रोडक्ट से जुड़ी सेहत पर पड़ने वाली नकरात्मक प्रभावों की चेतावनी दी है। आइए जानते हैं कि फैब्रिक सॉफ्टनर हमारी सेहत को कैसे नुकसान पहुंचा सकता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
फैब्रिक सॉफ्टनर का उपयोग और फायदे
फैब्रिक सॉफ्टनर कपड़े धोने के बाद अंतिम चरण में डाला जाता है। यह कपड़ों को मुलायम और कोमल बनाता है, साथ ही पसीने या बदबू को भी दूर करता है। खासकर सर्दियों के कपड़े धोते समय इसका उपयोग अधिक होता है, क्योंकि यह रेशे और लिंट को कपड़ों में नहीं पड़ने देता और कपड़े मुलायम बनते हैं। लोग इसे डेली कपड़ों पर भी उपयोग करने लगे हैं, जिससे कपड़ों में एक अच्छी खुशबू बनी रहती है।
क्या कहती है रिसर्च
हाल की एक रिसर्च के अनुसार, फैब्रिक सॉफ्टनर से हमारी त्वचा पर बुरा असर पड़ सकता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ह्यूस्टन के अपटाउन डर्मेटोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन में बताया गया कि फैब्रिक सॉफ्टनर के कण कपड़ों पर रहने के बाद भी हवा में घुल जाते हैं और हमारी त्वचा से संपर्क करते हैं। यही नहीं, इसमें मौजूद खुशबू घर में पॉल्यूशन का स्तर भी बढ़ा सकती है। इन कणों को सांस के जरिए शरीर में अंदर लेना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
फैब्रिक सॉफ्टनर से स्वास्थ्य पर असर
फैब्रिक सॉफ्टनर से निकलने वाले कण हवा में घुलकर घर में रहने वाले लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं। इसके कारण सांस लेने में कठिनाई हो सकती है और रेस्पिरेटरी इंफेक्शन हो सकते हैं। इसके अलावा, स्किन पर इसका असर होने से एक्जिमा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। महिला स्वास्थ्य पर भी इसका असर हो सकता है, खासकर हार्मोनल चेंजेस के रूप में।
कैसे करें बचाव
सभी कपड़ों में इस्तेमाल से बचें
फैब्रिक सॉफ्टनर का उपयोग सिर्फ कुछ खास कपड़ों तक सीमित रखें, जैसे सर्दियों के कपड़े।
वेंटिलेशन का ध्यान रखें
कपड़े धोने और सॉफ्टनर डालने से पहले कमरे में हवा का सही संचालन हो, ताकि कण बाहर निकल सकें। बालकनी या छत पर इस प्रक्रिया को करना बेहतर रहेगा।
कपड़ों को धूप में सुखाएं
फैब्रिक सॉफ्टनर के बाद कपड़ों को धूप में सूखने दें, ताकि उसमें मौजूद रसायन और खुशबू पूरी तरह से गायब हो जाएं।
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
कपड़ों को मुलायम बनाने के लिए बेकिंग सोडा का उपयोग किया जा सकता है, जो फैब्रिक सॉफ्टनर का एक प्राकृतिक विकल्प हो सकता है।
फ्रेगरेंस फ्री फैब्रिक सॉफ्टनर का उपयोग करें
अगर आप फैब्रिक सॉफ्टनर का इस्तेमाल करते हैं तो सुनिश्चित करें कि वह बिना खुशबू वाला हो, ताकि इससे हवा में प्रदूषण न बढ़े।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
