दुनिया भर के अधिकांश देशों में ड्रग्स पर प्रतिबंध है, लेकिन यूनाइटेड किंगडम के स्कॉटलैंड में एक अनोखा कदम उठाया गया है। यहां के ग्लासगो में ड्रग कंजम्पसन रूम बनाए गए हैं, जहां नशेड़ी खुले तौर पर ड्रग्स का सेवन कर सकते हैं। यह कदम सोमवार (13 जनवरी) से शुरू होने जा रहा है। इन कमरों में न तो उपयोगकर्ताओं पर कोई मुकदमा चलेगा और न ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। यहां लोग अपनी खुद की ड्रग्स लाकर उसका सेवन कर सकते हैं और विशेषज्ञों द्वारा उन्हें सही डोज़ दी जाएगी।
ड्रग कंजम्पसन रूम्स की विशेषताएं
ग्लासगो में बनाए गए ये विशेष कमरे 8 हैं, जो 365 दिन खुलेंगे। सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक ये कमरे नशेड़ियों के लिए खुले रहेंगे। इन कमरों में नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद होगा, जो उपयोगकर्ताओं की देखभाल करेगा और उनका मार्गदर्शन करेगा। ये विशेषज्ञ यह सुनिश्चित करेंगे कि ड्रग्स की खपत सुरक्षित तरीके से हो, ताकि ओवरडोज से बचा जा सके।
कानूनी बदलाव: कोई मुकदमा नहीं
स्कॉटलैंड में ड्रग्स का सेवन करना आमतौर पर अपराध की श्रेणी में आता है, लेकिन इन खास कमरों में ड्रग्स का सेवन करने पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। स्कॉटलैंड के वरिष्ठ अभियोजक, लॉर्ड एडवोकेट ने इस विशेष कदम को मंजूरी दी है, जिसमें उपयोगकर्ताओं के खिलाफ कोई मुकदमा नहीं चलेगा, भले ही वे अवैध ड्रग्स का सेवन कर रहे हों।
यह कदम क्यों उठाया गया?
ग्लासगो में हर दिन 400 से 500 लोग सार्वजनिक स्थानों पर ड्रग्स का सेवन करते हैं, जो ओवरडोज और अन्य समस्याओं का कारण बनता है। इस कदम का उद्देश्य नशेड़ी व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ड्रग्स की ओवरडोज से होने वाली मौतों को रोकने और नशेड़ी व्यक्तियों को धीरे-धीरे इस लत से बाहर निकालने के लिए यह पहल की गई है।
