हाल ही में राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में एक गंभीर घटना घटी, जब एक 14 वर्षीय बच्ची की मौत कच्ची पत्ता गोभी खाने से हो गई। बता दें कि बच्ची ने खेत में उगी पत्ता गोभी के पत्ते खा लिए थे, जिन पर पेस्टिसाइड्स का छिड़काव हुआ था। उसकी तबीयत 18 दिसंबर को बिगड़ी, और उसे अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन 24 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने कच्ची सब्जियों को बिना ठीक से धोकर खाने की लापरवाही और पेस्टिसाइड्स के खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पेस्टिसाइड्स के खतरनाक प्रभाव
पेस्टिसाइड्स का इस्तेमाल आमतौर पर फसल को कीड़ों और रोगों से बचाने के लिए किया जाता है, लेकिन इन केमिकल्स के संपर्क में आने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। पेस्टिसाइड्स के दुष्प्रभावों में पाचन संबंधी समस्याएं, जैसे उल्टी, मतली, पेट दर्द और दस्त शामिल हैं। त्वचा और आंखों में जलन, खुजली और रैशेस भी हो सकते हैं। इसके अलावा लंबे समय तक पेस्टिसाइड्स के संपर्क में रहने से कैंसर (विशेषकर ल्यूकेमिया और लिम्फोमा) का खतरा बढ़ सकता है। यह घटना पेस्टिसाइड्स के सुरक्षित उपयोग और उनकी उचित सफाई के महत्व को उजागर करती है।
फल और सब्जियों की सफाई के उपाय
पर्यावरण कार्य समूह (EWG) द्वारा हाल ही में जारी की गई “डर्टी डोजेन” सूची में उन फलों और सब्जियों का उल्लेख किया गया है, जो पेस्टिसाइड अवशेषों से अत्यधिक दूषित होते हैं। ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि हम इन फलों और सब्जियों को अच्छे से साफ करें।
एक अध्ययन के अनुसार पेस्टिसाइड्स और कीटनाशकों को हटाने का एक सरल तरीका है कि सब्जियों और फलों को बेकिंग सोडा और पानी में 15 मिनट तक भिगोकर धोएं। इस प्रक्रिया से पेस्टिसाइड्स के अवशेष 96% तक हटाए जा सकते हैं।
एप्पल साइडर विनेगर से सफाई
फल और सब्जियों को साफ करने के लिए एक और प्राकृतिक उपाय एप्पल साइडर विनेगर का उपयोग है। इसके लिए 1 कप एप्पल साइडर विनेगर को एक बड़े बर्तन में पानी में मिलाकर, फलों और सब्जियों को 10-15 मिनट तक भिगोएं। फिर इन्हें ताजे पानी से धो लें। यह प्रक्रिया पेस्टिसाइड्स, गंदगी और बैक्टीरिया को प्रभावी रूप से हटाती है, जिससे फल और सब्जियां सुरक्षित हो जाती हैं।
पत्तेदार सब्जियों की सफाई
पालक, पत्ता गोभी और फूलगोभी जैसी पत्तेदार सब्जियों को अच्छे से साफ करने के लिए उन्हें पहले उबालें और फिर पकाएं। इससे पत्तियों पर मौजूद पेस्टिसाइड्स और कीटनाशक हट जाएंगे।
