शायद ही आपने कभी सुना होगा कि चूहे के काटने से किसी कैंसर मरीज की जान चली जाए। लेकिन हाल ही में राजस्थान के सबसे बड़े कैंसर अस्पताल में ऐसी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां चूहे के काटने से एक बच्ची की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, चूहा बच्ची के पैर के अंगूठे को खा गया था। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्ची की मौत चूहे के काटने से नहीं हुई और न ही किसी ने चूहे को काटते हुए देखा। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने बच्ची का कंबल उठाया तो चूहा वहां से भागा, लेकिन अस्पतालकर्मियों को वार्ड में चूहा नहीं दिखाई दिया। बच्ची थर्ड स्टेज ब्लड कैंसर से पीड़ित थी और दुर्भाग्यवश उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
चूहे के काटने से मृत्यु नहीं हुई
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चूहे के काटने से बच्ची की मौत नहीं हुई है। स्टेट कैंसर इंस्टिट्यूट के अधीक्षक डॉ. संदीप जसूजा ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, लेकिन बच्ची की मौत का चूहे के काटने से कोई संबंध नहीं है। सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है, और सवाई मान सिंह अस्पताल के प्रिंसिपल दीपक महेश्वरी ने अपनी टीम के साथ अस्पताल का दौरा किया। अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पिछले एक साल से नहीं की गई थी, लेकिन अब इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं और अस्पताल में दिनभर सफाई का काम चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि 11 दिसंबर को 10 साल के ब्ल्ड कैंसर से पीड़ित बच्ची को ऑनकोलॉजी विभाग से पेडियाट्रिक विभाग में शिफ़्ट किया गया था। गुरूवार के रात में सोते समय बच्ची के अंगूठे को चूहे द्वारा कुतरने का मामला सामने आया है। बच्ची के रोने पर परिजनों ने कंबल उठाकर देखा तो पैर के अंगूठे को चूहे खा रहे थे और अंगूठे से खून बह रहा था।
ऐसे में नर्सिंग स्टाफ ने पैर में दवा लगाकर पट्टी कर दी। लेकिन कैंसर के इस सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वहीं स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट यानी एससीआई अस्पताल में साफ सफाई न होने की वजह से कुत्ते, बिल्ली और चूहे घूमते रहते हैं। साथ ही अस्ताल में निर्माण कार्य चलने के कारण सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं हैं।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे के मामले
बता दें कि जुलाई 2023 में भी जोधपुर के एमडीएमए अस्पताल में एक मरीज का पैर चूहा काट खाया था। इतना ही नहीं मई 2022 में कोटा के एमबीएस अस्पताल में तो मरीज की आंख को ही चूहा काट खाए थे।
