दिल्ली-एनसीआर में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम में ठंडक तो आई है, लेकिन सर्दी पूरी तरह से दस्तक देने से पहले ही प्रदूषण ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया है। लगातार बढ़ते प्रदूषण और कोहरे के कारण दिल्लीवासियों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया है। इस वक्त दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 432 के स्तर तक पहुंच चुका है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। इसके अलावा कुछ इलाकों में AQI 450 के ऊपर भी दर्ज किया गया है, जिससे स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है।
दिल्ली में प्रदूषण का कहर
दिल्ली के कई इलाके इस समय गंभीर प्रदूषण से जूझ रहे हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक आज 14 नवंबर को दिल्ली का AQI 432 है, जबकि आनंद विहार (473), अशोक विहार (471), जहांगीरपुरी (470), पटपड़गंज (472), पंजाबी बाग (459), नजफगढ़ (460), नेहरू नगर (462), विवेक विहार (470), और वजीरपुर (467) जैसे इलाकों में AQI बेहद खराब स्तर तक पहुंच चुका है। प्रदूषण की बढ़ती समस्या के कारण दिल्ली में लोगों को सांस लेने में गंभीर कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं भी आम हो गई हैं।
‘गंभीर’ श्रेणी में AQI
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 0-50 की श्रेणी में ‘अच्छा’ माना जाता है, जबकि 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बेहद खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। इस समय दिल्ली का AQI गंभीर श्रेणी में है, जिसका असर स्वस्थ लोगों के साथ-साथ पहले से बीमार लोगों पर भी हो रहा है।
कोहरे का असर
दिल्ली में प्रदूषण के साथ-साथ कोहरे ने भी अपनी दस्तक दे दी है। बुधवार को पहली बार दिल्ली में घना कोहरा छाया था, जिससे विजिबिलिटी शून्य हो गई और शहर के कई इलाकों में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह के वक्त विजिबिलिटी शून्य मीटर तक रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2°C से 3°C तक गिर सकता है, जिससे प्रदूषण और कोहरे का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कोहरे के कारण चेतावनी जारी की है और लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
पार्किंग शुल्क में इजाफा
दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक और कदम उठाया है। शहर में निजी वाहनों के प्रयोग को कम करने के लिए पार्किंग शुल्क को दोगुना किया जा सकता है। 14 नवंबर को एमसीडी हाउस की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार पार्किंग शुल्क बढ़ाने का उद्देश्य सड़कों पर वाहनों की संख्या को कम करना और प्रदूषण को नियंत्रित करना है।
प्रदूषण से बचाव के उपाय
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और कोहरे को देखते हुए विशेषज्ञों ने सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने, धूम्रपान से बचने और वनों की कटाई पर रोक लगाने की सलाह दी है। इसके अलावा लोगों से अपील की जा रही है कि वे अधिक से अधिक समय indoors बिताएं और बाहर निकलते वक्त मास्क का इस्तेमाल करें।
इस संकट को देखते हुए दिल्ली सरकार और नगर निगम को प्रदूषण नियंत्रण के लिए और कड़े कदम उठाने की जरूरत है, ताकि दिल्लीवासियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
