ओडिशा के कंधमाल जिले से आम की गुठली का दलिया खाने से दो महिलाओं की मौत होने की खबर सामने आई है, जिसमें छ: बीमार हो गए हैं। इस घटना से इलाके में दहशत फैली हुई है। पुलिस को इसके बारे में तुरंत सूचना दी गई। मृतकों की पहचान रस्मिता पट्टामाझी (22) और रुनु माझी (29) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक के पति ने बताया कि उन्हें पीडीएस के चलते चावल नहीं दिए जा रहे थे, जिस कारण उसकी पत्नी ने आम की गुठली खाई थी। चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि दलिया खाने से बीमार हुए छ: दूसरे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत काफी खराब है।
पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा पूरा सच
आपको बता दें कि कंधमाल के जिला मजिस्ट्रेट-सह-कलेक्टर ने आरोपों को खारिज किया और कहा कि परिवार को पीडीएस मानदंडों के अनुसार चावल दिए गए थे। बाल विभाग की प्रभारी का कहना है कि आम की गुठली आदिवासियों के आहार का रोज का हिस्सा है। आम की गुठली दूषित हो सकती है और इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हो जाती हैं। फिलाहल पूरी जानकारी के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री का कहना
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने इस घटना पर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि कंधमाल में लोग आम की गुठली खाते हैं और वहां ये आम बात है। पहले भी इससे जुड़ी स्वास्थ्य जटिलताओं की खबरें आ चुकी हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
