इन दिनों मेडिकल की दुनिया से कई अजीबो गरीब मामले सामने आ रहे हैं, जो काफी हैरान करने वाले होते हैं। दरअसल दिल्ली के वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल से भी एक ऐसा ही अनोखा मामला सामने आया है, जहां 23 वर्षीय युवक की छोटी आंत से 3 सेंटीमीटर लंबा जीवित कॉकरोच सफलतापूर्वक निकाला गया। यह घटना कई लोगों के लिए आश्चर्य और चिंता का विषय बन गई है, और इसे स्वास्थ्य और सफाई के मुद्दों पर एक गंभीर चर्चा का कारण भी बनाया है।

क्या है पूरा मामला

इस युवक ने पिछले कुछ दिनों से पेट में तेज दर्द और भोजन पचाने में कठिनाई की शिकायत की थी। दर्द और अन्य लक्षणों को देखते हुए, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि मरीज की हालत को समझने के लिए उन्नत मेडिकल तकनीकों का सहारा लिया गया।

आंत में फंसा था जिन्दा कॉकरोच

गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. शुभम वत्स्य ने बताया कि इस युवक की ऊपरी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) एंडोस्कोपी की गई, जिसमें यह पता चला कि उसकी छोटी आंत में एक जीवित कॉकरोच फंसा हुआ है। इस स्थिति ने चिकित्सा टीम के लिए चुनौती पेश की, लेकिन डॉ. वत्स्य और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई की।

10 मिनट में आंत से निकाला गया कॉकरोच

उन्होंने बताया कि दोहरे चैनल वाले विशेष एंडोस्कोप का इस्तेमाल किया गया, जिसमें एक चैनल हवा और पानी के लिए था और दूसरा चूषण के लिए। इस तकनीक की मदद से, चिकित्सा दल ने केवल 10 मिनट में कॉकरोच को सफलतापूर्वक निकाल लिया। यह प्रक्रिया बेहद सावधानी से की गई ताकि मरीज को किसी भी तरह की और चोट न पहुंचे।

डॉ. वत्स्य ने दी चेतावनी

डॉ. वत्स्य ने चेतावनी दी कि यदि समय पर इलाज नहीं किया जाता, तो ऐसे मामलों में गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं, जैसे कि आंतों में संक्रमण। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों को नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है। सही समय पर इलाज कराना बेहद आवश्यक है ताकि मरीज को और अधिक गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना न करना पड़े।

कैसे पंहुचा आंत में कॉकरोच

डॉक्टरों का मानना है कि संभव है कि युवक ने खाना खाते समय कॉकरोच को निगल लिया हो या फिर सोते समय वह उसके मुंह में चला गया हो। यह स्थिति किसी भी व्यक्ति के लिए काफी डरावनी हो सकती है, लेकिन इसे रोकने के लिए सतर्कता बरतना आवश्यक है। खासकर उन लोगों के लिए जो घर के आसपास सफाई का ध्यान नहीं रखते हैं।

इस घटना ने साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि खाने की जगहों और घरों की स्वच्छता पर ध्यान देने से इस तरह के मामले रोके जा सकते हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *