सीने में दर्द होने से अक्सर लोग घबरा जाते हैं कि उन्हें हार्ट अटैक आने वाला है, लेकिन कई बार ये सच नहीं होता है। जब किसी व्यक्ति को हार्ट अटैक आना होता है तो उसका शरीर उसे पहले ही संकेत देता है तो चलिए जानते हैं कि कौन से हैं वे संकेत।
हार्ट अटैक पहले केवल बुजुर्गों में ज्यादा देखा जाता था, लेकिन अब कम उम्र के लोगों को भी इस बीमारी ने जकड़ लिया है। हाई कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर आदि के मरीजों को हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा होता है। हार्ट अटैक के तुरंत बाद मरीज को अस्पताल पहुंचाया जाए नहीं तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो जाएगा।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि हार्ट अटैक का संकेत ये तो है ही कि सीने में दर्द होता है, लेकिन गर्दन, जबड़े और कंधे में भी दर्द इसके कुछ संकेतों में शामिल है। बता दें कि हार्ट अटैक का दर्द सीने से गर्दन, जबड़े और कंधों तक फैल सकता है। बाएं हाथ में लगातार दर्द भी हार्ट अटैक के कुछ लक्षणों में से एक है। कई बार दर्द दोनों हाथों तक पहुंच जाता है और भारीपन या असहजता महसूस होती है।
कुछ मरीजों को हार्ट अटैक की वजह से दर्द ऊपरी पीठ में भी रहता है, दर्द अक्सर कंधे की हड्डियों के बीच होता है। महिलाओं में इसे आमतौर पर देखा गया है, लेकिन इसे मामूली सा दर्द समझ लेते हैं। कई बार अपच या अपच के लक्षण के रूप में ऊपरी पेट दर्द देखे जाने वाला दर्द दिल के दौरे का लक्षण हो सकता है। इन लक्षणों के साथ यदि आपको सांस लेने में तकलीफ़ और थकान महसूस हो रही हो या मतली,उल्टी भी हो, तो आपको तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
