चेहरे की सुंदरता में आंखें भी चार-चांद लगाती हैं लेकिन क्या होगा जब उन्हीं आंखों के नीचे डार्क सर्कल होने लग जाएं। ये डार्क सर्कल हमारे पूरे चेहरे की सुंदरता ही खराब कर देते हैं। डॉर्क सर्कल किसी को भी हो सकते हैं। चाहे आप महिला हो या फिर पुरुष अक्सर टीनएज के बाद कभी न कभी किसी को यह समस्या हो ही जाती है।
डार्क सर्कल्स के कारण
डार्क सर्कल होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कई बार ज्यादा तनाव के कारण आंखों के नीचे काले घेरे हो जाते हैं। इसके अलावा, हमारी खराब लाइफस्टाइल कम सोने, डिहाइड्रेशन, बढ़ती उम्र, आदि की वजह से भी आंखों के नीचे काले घेरे हो जाते हैं।

आजमाएं ये तरीके
खीरा
डार्क सर्कल्स दूर करने के लिए खीरा एक अच्छा उपाय रहेगा। इसके लिए आप खीरे को कुछ देर फ्रिज में रख दें। फिर इसके टुकड़े काट कर आंखों के ऊपर काले घेरे पर रखें। 10-15 मिनट आराम करने के बाद खीरे के टुकड़े को हटा दें। ऐसा करने से बहुत जल्द आपको डार्क सर्कल्स से छुटकारा मिलेगा।
बादाम का तेल
यह विटामिन-ई का अच्छा स्रोत माना जाता है। रात में सोने से पहले आंखों के नीचे बादाम के तेल की कुछ बूंदों से मालिश करें। धीरे-धीरे डार्क सर्कल कम होने लग जाएंगे।

कच्चे आलू
कच्चे आलू की मदद से भी इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले आप कच्चे आलू का रस निकाल लें। इस आलू के रस को नींबू की कुछ बूंदों के साथ मिलाएं, फिर इसे रूई की मदद से आंखों के नीचे लगाएं आंखों के नीचे के काले घेरे दूर हो जाएंगे।
टी-बैग्स
यह भी डार्क सर्कल को जल्दी खत्म करते हैं। इसके लिए टी-बैग को कुछ देर पानी में डुबोकर छोड़ दें। उसके बाद उसे फ्रिज में ठंडा कर लें। कुछ देर बाद निकालकर इसे आंख पर रख कर लेट जाएं। इससे आंखों को ठंडक मिलेगी और डार्क सर्कल्स दूर होंगे।
ये टिप्स भी आएंगे काम
. इसके अलावा, रोज रात को 7-8 घंटे की अच्छी नींद लें।
. खुद को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।

. धूप में निकलने से पहले चेहरे पर सनस्क्रीन लगाएं।
