प्रेग्नेंसी एक महिला की जिंदगी का बहुत ही खास समय होता है। इस दौरान मां और शिशु दोनों की अच्छी हेल्थ के लिए सही पोषण बहुत जरूरी होता है। इनमें से एक सबसे अहम पोषक तत्व है कैल्शियम, कैल्शियम की सही मात्रा प्रेग्नेंसी में बहुत जरूरी होती है क्योंकि इससे मां और शिशु दोनों की हेल्थ पर गहरा असर होता है। यदि इस समय कैल्शियम की कमी हो जाती है, तो इसका परिणाम भी गंभीर हो सकता है। तो चलिए जानते हैं कि प्रेग्नेंसी में कैल्शियम क्यों जरूरी है और इसकी कमी से क्या खतरा हो सकता हैं।
कैल्शियम इसलिए है इतना जरूरी
कैल्शियम हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने में मदद करता है लेकिन प्रेग्नेंसी के दौरान शिशु की हड्डियों और दांतों का विकास तेजी से होता है, जिसके लिए उन्हें कैल्शियम की जरूरत होती है। शिशु के शरीर में यह कैल्शियम मां के शरीर से आता है। यदि मां के शरीर में कैल्शियम की कमी होती है, तो शिशु के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके अलावा, मां के शरीर में भी कैल्शियम की कमी होने लगती है, जिससे उसकी हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और भविष्य में ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

शिशु के लिए खतरा
कैल्शियम की कमी शिशु के लिए भी खतरनाक हो सकती है, इससे शिशु की हड्डियों का विकास अच्छे से नहीं हो पाता, जिससे जन्म के बाद शिशु में कमजोरी आ सकती है। इसके अलावा, शिशु के दिल, मांसपेशियों और नसों के विकास पर भी बुरा असर हो सकता है। यदि शिशु को गर्भ में ही पूरी मात्रा में कैल्शियम नहीं मिलता, तो इससे उसकी हेल्थ पर असर पड़ सकता है।
ऐसे लें सही मात्रा में कैल्शियम
प्रेग्नेंसी के दौरान एक महिला को रोजाना लगभग 1000 से 1200 मिलीग्राम कैल्शियम की जरूरत होती है। यह मात्रा दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां, तिल, और बादाम जैसे खाद्य पदार्थों से पूरी की जा सकती है। यदि डाइट से पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम नहीं मिलता तो डॉक्टर से सलाह लेकर आप कैल्शियम सप्लिमेंट्स भी ले सकते हैं।

इस बात का भी दें ध्यान
प्रेग्नेंसी के दौरान मां का हेल्दी रहना बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे शिशु की हेल्थ भी जुड़ी होती है। कैल्शियम की सही मात्रा का ध्यान रखना, मां और शिशु दोनों के लिए फायदेमंद होता है इसलिए, अपनी डाइट में कैल्शियम से भरपूर चीजों को शामिल करें और डॉक्टर से नियमित चेकअप कराते रहें। इससे प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाले कई संभावित खतरों से बचा जा सकता है।
