आयुर्वेद में सेमल के वृक्ष को औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है। इस वृक्ष के पत्ते, फूल और छाल सभी में औषधीय गुण मौजूद होते हैं। यदि सेमल की छाल की बात करें, तो यह त्वचा और बालों के लिए काफी फायदेमंद होती है। इतना ही नहीं, यह छाल कई बीमारियों को भी दूर करने में मदद करती है। आयुर्वेद में कई बीमारियों का इलाज करने के लिए सेमल की छाल का उपयोग किया जाता है। आप त्वचा और बालों पर भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि त्वचा और बालों पर आप इसका इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
त्वचा पर ऐसे लगाएं सेमल की छाल
सेमल वृक्ष की छाल त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होती है। सेमल की छाल कील-मुंहासों, दाग-धब्बों और फोड़े-फुंसियों से छुटकारा दिलवाती है। इतना ही नहीं, इसका उपयोग गहरे जख्म या चोट को ठीक करने के लिए भी किया जाता है।

इसके लिए आप सेमल की छाल लें। इन्हें बारीक पीसकर पाउडर बना लें। अब इसमें पानी या गुलाब जल डालें। फिर इस पेस्ट को अपनी त्वचा पर लगाएं। आधे घंटे बाद त्वचा को पानी से साफ कर लें। हफ्ते में 2-3 बार त्वचा पर सेमल की छाल का पाउडर लगाने से आपको फायदा होगा। आप चाहें तो सेमल की छाल के साथ इसकी पत्तियों या फूलों का रस भी मिला सकते हैं।
बालों पर ऐसे लगाएं सेमल की छाल
सिर्फ त्वचा ही नहीं बल्कि बालों पर भी सेमल की छाल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप सेमल की छाल का पाउडर लें। इसमें आंवला, शिकाकाई पाउडर और दही मिलाएं। आप चाहें तो इस पेस्ट में थोड़ा-सा पानी और सेमल के फूलों का पाउडर भी मिला सकते हैं। अब इसे अपने बालों पर अच्छी तरह लगाएं। 20-30 मिनट बाद बालों को अच्छी तरह से धो लें। बालों पर हफ्ते में एक बार सेमल की छाल से बना पाउडर लगाने से कई समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
त्वचा और बालों के लिए सेमल की छाल के फायदे
. सेमल की छाल का पाउडर त्वचा के दाग-धब्बों और मुंहासों को ठीक करने में मदद करता है।
. इस छाल का पाउडर लगाने से त्वचा की रंगत में भी सुधार होता है। सेमल की छाल, त्वचा पर निखार लाती है। साथ ही यह त्वचा को मुलायम और कोमल बनाती है।
. यदि आप सेमल की छाल का पाउडर बालों पर लगाएंगे, तो बालों और स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं आपकी दूर होंगी। सेमल की छाल, डैंड्रफ और इंफेक्शन से भी छुटकारा दिलाती है। साथ ही, बालों को मुलायम बनाती है। इस छाल का पाउडर बालों के रूखेपन को भी दूर करता है।

नोट: आप भी अपनी त्वचा और बालों पर सेमल की छाल का पाउडर लगा सकते हैं, बस इस बात का ध्यान रखें कि त्वचा पर इसका इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
