दुनिया भर में एमपॉक्स के बढ़ते मामलों ने वैज्ञानिकों में चिंता का विषय पैदा कर दी है। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने नए एमपॉक्स (मंकीपॉक्स) प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए वैश्विक एकजुट कार्रवाई करने की अपील की है, और इसके लिए अगले छह महीनों में कम से कम $135 मिलियन की जरूरत बताई है। WHO के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने शुक्रवार को सदस्य देशों को संबोधित करते हुए कहा कि स्पष्ट कर दूं, इस नए एमपॉक्स प्रकोप को नियंत्रित किया जा सकता है और इसे रोका भी जा सकता है।
वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया
WHO ने 14 अगस्त को एमपॉक्स के प्रकोप के बाद इसे वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। इस महीने यूरोप में स्वीडन ने पहला मामला दर्ज किया, जबकि एशिया में थाईलैंड पहला देश है जिसने संक्रमण की पुष्टि की है।
एमपॉक्स वैक्सीन दान करने की योजना
अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (Africa CDC) ने पहले ही इस प्रकोप को काबू में करने के लिए 10 मिलियन वैक्सीन की मांग की है। EU हेल्थ कमिश्नर स्टेला क्यारीकाइड्स ने भी गुरुवार को यूरोपीय देशों से कहा कि वे इस महीने के अंत तक यह बताएं कि कितनी एमपॉक्स वैक्सीन वे दान करने की योजना बना रहे हैं।
$135 मिलियन की जरूरत
WHO अगले हफ्ते इस प्रकोप से निपटने के लिए एक विशेष फंडिंग अपील शुरू करेगा। घेब्रेयसस ने बताया कि हमारी प्रारंभिक योजना के अनुसार इस प्रकोप को रोकने के लिए छह महीनों के लिए $135 मिलियन की आवश्यकता होगी। हालांकि जैसे-जैसे आवश्यकताएं बढ़ेंगी, इस राशि में भी वृद्धि की जा सकती है।
