अगर आप भी वजन घटाने के लिए बिना प्रिस्क्रिप्शन के ऑनलाइन दवाइयां खरीद रहे हैं, तो आपको बेहद सावधान रहने की जरूरत है। हाल ही में एक स्टडी में ऐसे चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जो आपके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। JAMA नेटवर्क ओपन में पब्लिश इस स्टडी में बताया गया है कि कई ऑनलाइन फार्मेसियां अवैध रूप से वजन घटाने वाली दवाइयां बेच रही हैं, जिनमें से कई खराब गुणवत्ता की हो सकती हैं।
स्टडी के चौंकाने वाले निष्कर्ष
इस स्टडी में विशेष रूप से नोवो नॉर्डिस्क की मोटापा रोकने वाली दवा वेगोवी का जिक्र किया गया है, जिसमें एक्टिव कंपोनेंट सेमाग्लूटाइड होता है। स्टडी के अनुसार लगभग 42% ऑनलाइन फार्मेसियां बिना लाइसेंस के इस दवा को बेच रही हैं, जो इसे खरीदने वाले लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के ग्लोबल हेल्थ के प्रोफेसर टिम मैके जो इस स्टडी के लेखक हैं, ने चेतावनी दी है कि बिना प्रिस्क्रिप्शन के इन दवाओं को ऑनलाइन खरीदने वालों के साथ धोखाधड़ी हो सकती है या उन्हें खराब गुणवत्ता की दवाएं मिल सकती हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए बेहद जोखिमभरी हो सकती हैं।
अवैध फार्मेसियों का खतरा
ट्रू यू वेट के फाउंडर और रिसर्च डायरेक्टर डॉ. क्रिस्टोफर मैकगोवन ने बताया कि वजन घटाने वाली दवाओं की मांग इतनी बढ़ गई है कि इनकी कालाबाजारी भी खूब हो रही है। JLP-1S जैसी दवाओं की कमी के कारण लोग इन्हें ऑनलाइन खरीदने की कोशिश करते हैं, लेकिन अवैध फार्मेसियों से खरीदी गई दवाएं अक्सर खराब गुणवत्ता की होती हैं। ये दवाएं शरीर पर गंभीर और खतरनाक प्रभाव डाल सकती हैं।
सेमाग्लूटाइड का जोखिम
जेएएमए हेल्थ फोरम में पब्लिश एक अन्य स्टडी में बताया गया कि सेमाग्लूटाइड जो टाइप 2 डायबिटीज के इलाज के लिए ओजेम्पिक के रूप में भी बेचा जाता है, हाल के वर्षों में बेहद लोकप्रिय हो गया है। दिसंबर 2023 तक अमेरिका में इसके 2.5 मिलियन से अधिक प्रिस्क्रिप्शन सामने आए। इस दवा की मंथली कीमत $1,300 तक हो सकती है, जो सभी के लिए सुलभ नहीं है। ऐसे में लोग जब इसे लोकल फार्मेसी में नहीं पाते तो ऑनलाइन ऑर्डर करने लगते हैं। लेकिन ऑनलाइन खरीदी गई दवाओं में सेमाग्लूटाइड की मात्रा निर्धारित मात्रा से अधिक हो सकती है, जो ओवरडोज का कारण बन सकता है और स्वास्थ्य को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता है।
सैंपल की जांच के नतीजे
मैके की स्टडी में छह ऑनलाइन फार्मेसियों से ऑर्डर किए गए सेमाग्लूटाइड के सैंपल की जांच की गई। इनमें से एक बॉटल में एंडोटॉक्सिन का हाई लेवल पाया गया, जो बैक्टीरिया कोशिकाओं में पाया जाने वाला एक जहर है। हालांकि सैंपल में जिंदा बैक्टीरिया नहीं मिला, जो संक्रमण का कारण बन सकता हो, लेकिन फिर भी पॉल्यूशन के संपर्क में आने की वजह से ये सैंपल खतरनाक हो सकता है। सैंपल की जांच में यह भी पाया गया कि ऑनलाइन वाली दवाओं में लेबल पर लिखे सेमाग्लूटाइड की तुलना में 39% अधिक मात्रा में सेमाग्लूटाइड था। यह ओवरडोज गंभीर मतली, उल्टी, और ब्लड शुगर लेवल में गिरावट जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है, जो बेहोशी का कारण बन सकती है।
डॉक्टर की सलाह जरूर लें
बिना प्रिस्क्रिप्शन के वजन घटाने वाली दवाओं की ऑनलाइन खरीदारी आपके स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। अवैध फार्मेसियों से खरीदी गई दवाओं में गुणवत्ता की कमी हो सकती है, जो आपके शरीर पर गंभीर और जोखिमभरे प्रभाव डाल सकती हैं। सुरक्षित और विश्वसनीय स्रोतों से ही दवाओं की खरीदारी करें और किसी भी दवा का उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
