हाल ही में महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। पुणे जिले के यवत क्षेत्र में स्थित एक फूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस के रिसाव के कारण 17 कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। बता दें कि यह घटना बुधवार को घटी, जब प्लांट में रेडी-टू-ईट खाद्य पदार्थ बनाए जा रहे थे। इन खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए तापमान को 18 डिग्री सेल्सियस से कम बनाए रखना आवश्यक होता है, जिसके लिए अमोनिया का उपयोग किया जाता है।

पुलिस अधिकारी ने घटना को लेकर क्या बताया

यवत पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख के अनुसार भांडगांव में स्थित इस यूनिट में गैस का रिसाव हुआ। घटना के समय 25 कर्मचारी काम कर रहे थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमोनिया के रिसाव की चपेट में आने वाले 17 कर्मचारियों में से एक महिला की स्थिति गंभीर थी, क्योंकि वह उस स्थान के काफी करीब थी जहां से रिसाव हुआ था।

17 कर्मचारियों को सांस लेने में हुई तकलीफ

बता दें कि गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही तुरंत मुख्य रेगुलेटर को बंद कर दिया गया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। हालांकि 17 कर्मचारियों ने सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती 16 कर्मचारियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं गैस के सीधे संपर्क में आने वाली महिला का आईसीयू में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

वहीं पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गैस रिसाव कैसे हुआ। यह सुनिश्चित करने के लिए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, प्लांट में सुरक्षा उपायों को और भी कड़ा किया जाएगा। पुलिस और अन्य संबंधित विभाग इस मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं।

क्या है अमोनिया गैस

अमोनिया एक प्रकार की तीखी गंध वाली रंगहीन और हल्की गैस है, जो पानी के साथ तेजी से क्रिया करती है। इस गैस का अत्यधिक उपयोग रासायनिक खादों जैसे- यूरिया, अमोनियम फॉस्फेट, अमोनियम सल्फेट, अमोनियम नाइट्रेट और सोडियम कार्बोनेट आदि बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यही नहीं बर्फ बनाने वाले कारखाने में ठंडा करने वाले पदार्थ के रूप में भी इसका यूज किया जाता है। वहीं इसका इस्तेमाल घरेलू कामों जैसे कपड़ों में तेल ग्रीस आदि के दाग हटाने के लिए भी किया जाता है।

क्या अमोनिया गैस से हेल्थ को भी पहुंचता है नुकसान

बता दें कि नॉर्मली अमोनिया गैस नुकसानदेह नहीं होती है, लेकिन कोई इंसान इसे अधिक मात्रा में सूंघ ले तो उसकी जान भी जा सकती है। वहीं हवा में अमोनिया की मात्रा बढ़ने पर सांस लेने में तकलीफ और बचैनी महसूस होने लगती है। यही नहीं इसकी ज्यादा मात्रा होने से गले, नाक और सांस की नली में जलन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा लंबे समय तक इस गैस के संपर्क में रहने से त्वचा में जलन, आंख में स्थायी क्षति या अंधेपन होने का जोखिम बढ़ जाता है।

अमोनिया गैस से प्रभावित होने पर बरते सावधानियां

जैसा कि अमोनिया पानी के साथ जल्दी क्रिया करती है, तो ऐसे में एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसके संपर्क में आने पर आंख और चेहरे को अच्छे से धोना चाहिए। दरअसल यह पानी में तेजी से घुलने वाला पदार्थ है, ऐसे में पानी से चेहरा धोने पर यह घुलकर शरीर से अलग हो जाती है और इसका प्रभाव कम हो जाता है।


By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *