अनहेल्दी लाइफस्टाइल के चलते इन दिनों कब्ज की समस्या से बहुत लोग जूझ रहे हैं। खासतौर पर अन्य मौसम की तुलना में बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा लोग कब्ज से परेशान होते हैं। एकबार इसके होने के कारण जीना मुहाल हो जाता है। जब भी हम भोजन करते हैं तो खाना छोटी आंत में पहुंचता है। यहां भोजन तोड़ा जाता है इसे तोड़ने के लिए लिवर और पेट से कई एंजाइम और कैमिकल निकलते हैं। इनकी मदद से भोजन के आवश्यक पोषक तत्वों की भी प्राप्ति होती है जिससे शरीर में एनर्जी बनती है लेकिन खराब खाना हमारी आंत में ठीक से नहीं पचता, जिससे पेट में गंदगी जमने लगती है। यही गंदगी बहुत दिनों तक रहे तो कॉन्स्टिपेशन होने लगता है जिसके कारण गैस और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इससे निजात पाने के लिए कुछ फ्रूट्स आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।

केला

केले में प्रीबायोटिक फाइबर मौजूद होता है जो आंत की बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देता है। ये बैक्टीरिया पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में खास भूमिका निभाता है जिससे मल त्यागने में आसानी होती है और आपको कब्ज से आराम मिलता है।

नाशपाती

इसका सेवन करने से भी पेट साफ हो सकता है। नाशपाती में ऐसे कई सारे पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो पाचन क्रिया को सुधारने में मदद करते हैं। इसमें फाइबर, फ्रुक्टोज और सोरबिटोल जैसे तत्व मौजूद होते हैं जो मल त्याग को बढ़ावा देने का काम करते हैं। नियमित नाश्पाती का सेवन करने से कब्ज और पेट से संबंधी समस्याएं दूर होती हैं।

पपीता

यह भी पेट के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। कब्ज की समस्या होने पर पपीता का सेवन जरुर करना चाहिए। इसमें पपैन नाम का एंजाइम मौजूद होता है जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और कब्ज की समस्या दूर करने में मदद करता है। नियमित रुप से पपीते का सेवन करने से पेट संंबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलता है।

सेब

इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में मौजूद होता है जो मल त्याग की प्रक्रिया को बढ़ाने में मदद करता है। इसमें पैक्टिन पाया जाता है जो बॉउल मूवमेंट को बेहतर बनाकर कब्ज से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है। सेब का सेवन हमेशा छिलके के साथ ही करें।

संतरा

कब्ज की समस्या में आप संतरे का सेवन कर सकते हैं। इसमें फाइबर मौजूद होता है जो पाचन क्रिया को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसका सेवन करने से आंतों में जमी गंदगी भी बाहर निकलती है। इसमें नारिनजेनिन मौजूद होता है जो कब्ज से छुटकारा दिलवाने में मदद करता है।

कीवी

इसमें भरपूर मात्रा में पानी और फाइबर मौजूद होता है जो कब्ज से छुटकारा दिलवाने में मदद करता है। इसमें एक्टिनिडिन नाम का एक एंजाइम भी पाया जाता है जो प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है और पाचन व मल त्याग में मदद करता है। कीवी का सेवन करने से पेट साफ करने में भी मदद मिलती है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *