अगर आपके घर में भी छोटे बच्चे हैं तो उनपर खास ध्यान दें, क्योंकि कई बार वह खेल-खेल में कुछ ऐसी चीजे मुंह में डाल लेते हैं, जिससे उनकी जाना भी जा सकती है। खासकर आप अपने घरों में बच्चों से शराब को दूर रखें। दरअसल हाल ही में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक तीन साल की मासूम बच्ची ने गलती से शराब पी ली और उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि यह घटना त्रिकुंडा गांव की है, जहां सोमवार को सरिता नाम की बच्ची खेलते-खेलते अपने दादी के कमरे में चली गई। बच्ची की मां उस समय घर का कामकाज कर रही थीं और सरिता वहीं खेल रही थी। जब बच्ची कुछ देर बाद लड़खड़ाती हुई मां के पास आई और बेहोश हो गई, तो मां घबरा गईं। जब मां ने बच्ची को उठाया तो उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी। ऐसे में बच्ची की मां तुरंत अपनी सास के कमरे में जाकर चेक करती है तो पाया कि कमरे में कांच की बोतल और ग्लास में महुआ शराब पड़ा है। इस बात का पता चलने पर परिवार में हड़कंप मच गया और बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाने का फैसला किया।
डॉक्टरों ने दूसरे हस्पताल में किया रेफर
परिवार के सदस्य बच्ची को वाड्रफनगर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि बच्ची की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्य से इलाज के दौरान उस बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस को मिली जानकारी
बता दें कि पुलिस को मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर बच्चों की सुरक्षा और घर में रखी गई हानिकारक चीजों की निगरानी को लेकर। यह एक चेतावनी है कि छोटे बच्चों की देखभाल में थोड़ी सी भी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
