Covid 19 के बाद से मानों हर रोज कोरोना के नये नये वैरिएंट सामने आते रहते हैं। ऐसे में अब सिंगापुर में कोरोना के नए वैरिएंट केपी.2 और केपी.1 मामले तेजी के साथ अपना पैर पसार रहे हैं। वहीँ अब चिंता की बात ये है कि यह नया वैरिएंट अब भारत में भी अपने पैर पसार रहा है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक भारत में कोविड-19 के नए वैरिएंट केपी.2 के 290 मामले और केपी.1 के 34 मामलों सामने आ चुकें हैं। हालांकि ये जेएन1 के सब वैरिएंट हैं। यह लोगों के लिए बेहद हानिकरक नहीं है। इसलिए इससे घबराने या चिंता करने की कोई बात नहीं है।
किसी तरह के कोई खास लक्षण नहीं
आपको बता दें अभी तक किसी मरीज में गंभीर लक्षण नहीं देखने को मिले हैं। अस्पतालों से इस नए वैरिएंट से संक्रमित लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच चल रही है। गौरतलब है कि भारत में कोरोना के मामलों पर निगरानी रखने वाले इंडियन सार्स कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) के डाटा से ये बात सामने आई है। डाटा के अनुसार, भारत में इस नए वैरिएंट केपी.1 के कुल 34 मामले अभी तक मिल चुकें हैं। जिनमें 23 मामलों की पुष्टि सिर्फ पश्चिम बंगाल से सामने आई है। वहीं केपी.1 का एक मामला गोवा, दो मामले गुजरात, चार मामले महाराष्ट्र, दो मामले राजस्थान और एक मामले की पहचान उत्तराखंड में की भी गई है।
Flirt नाम दिया गया है
आपको बता दें कि सिंगापुर में केपी.1 और केपी.2 वैरिएंट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सिर्फ 5 से 11 मई तक ही सिंगापुर में करीब 26 हजार मामले देखने को मिले हैं। खास बात है कि इन सभी में दो तिहाई मामले तो सिर्फ केपी.1 वैरिएंट से ही जुड़े हुए हैं। केपी.1 और केपी.2 वैरिएंट जिस ग्रुप से जुड़े हुए हैं, उसे FLiRT नाम भी दिया गया है।
