आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में पर्याप्त नींद लेना एक चुनौती बन गया है। काम का तनाव, परीक्षाओं की चिंता और लगातार फोन स्क्रोलिंग के कारण लोगों की नींद पर बुरा असर पड़ रहा है। हालिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि भारत में 61% लोग नींद न आने की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 22% है। इसका मतलब है कि अच्छी और भरपूर नींद के मामले में भारत पीछे है। युवा वर्ग के लिए तो 6 घंटे की भी पूरी नींद लेना मुश्किल हो गया है।
नींद: एक नई चिंता

लोगों में नींद को लेकर जागरूकता बढ़ी है, खासकर कोविड के बाद। रात में नींद न आना एक गंभीर मुद्दा बन गया है। वहीं कुछ लोग दिन में भी सो नहीं पाते हैं, जो उनकी सेहत के लिए और भी खतरनाक साबित हो सकता है। इस समस्या से निपटने के लिए अब एक नया ट्रेंड सामने आया है, जिसे स्लीपमैक्सिंग कहा जा रहा है।
क्या है स्लीपमैक्सिंग

स्लीपमैक्सिंग एक नया सोशल मीडिया ट्रेंड है, जिसे कई फेमस इंफ्लूएंसर्स और हेल्थ एक्सपर्ट्स प्रमोट कर रहे हैं। इसके तहत वे नींद में सुधार लाने के लिए लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने की सलाह देते हैं। स्लीपमैक्सिंग में ऐसे उपकरणों और तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है, जो नींद की गुणवत्ता को बढ़ाने में मदद करते हैं।
नींद बढ़ाने वाले उपकरण (टूल्स)
माउथ टेप
मैग्नीशियम ऑयल
स्लीप ट्रैकर्स
जॉ स्टैप्स
रेड लाइट थेरेपी
मेलाटोनिन सप्लीमेंट्स
अश्वगंधा
ये सभी उपकरण और सप्लीमेंट्स नींद की गुणवत्ता को बढ़ाने में कारगर माने जाते हैं। इसके अलावा कुछ एक्सपर्ट्स सोने से पहले जर्नलिंग (डायरी लिखना), स्ट्रेचिंग और मेडिटेशन करने की भी सलाह देते हैं।
स्लीपिंग टूल्स का बढ़ता बाजार

2024 में नींद के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों और सप्लीमेंट्स की बिक्री में वृद्धि देखी गई है, खासकर अमेरिका में। इसका मतलब साफ है कि लोग नींद न आने की समस्या से परेशान हैं और इन टूल्स के प्रति आकर्षित हो रहे हैं।
लोग नींद के लिए इतने चिंतित क्यों हैं

नींद के महत्व को अब लोग बेहतर ढंग से समझने लगे हैं। मनोचिकित्सकों का मानना है कि नींद की कमी का सबसे बड़ा कारण हमारी लाइफस्टाइल है। फिजिकल एक्टिविटी की कमी और बढ़ते स्क्रीन टाइम के कारण लोगों को नींद में समस्या हो रही है।
स्लीपमैक्सिंग के फायदे

स्लीपमैक्सिंग से बेहतर नींद मिल सकती है, जिससे कई स्वास्थ्य लाभ होते हैं। नींद बेहतर होने से ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रहता है, इम्युनिटी मजबूत होती है, और वजन भी संतुलित रहता है। साथ ही इससे मूड स्विंग्स और ब्रेन फंक्शनिंग में भी सुधार होता है।
क्या स्लीपमैक्सिंग के कोई नुकसान भी हैं
हालांकि स्लीपमैक्सिंग से नींद में सुधार हो सकता है, लेकिन कुछ हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह दीर्घकालिक स्वास्थ्य के लिए सही नहीं हो सकता है। इसके कारण व्यक्ति नींद के लिए उपकरणों या तकनीकों पर निर्भर हो सकता है। इसके अलावा माउथ टेप या मैग्नीशियम ऑयल जैसे उपकरण कुछ लोगों के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं।
