आजकल युवाओं में बाल झड़ने की समस्या बेहद आम हो गई है, जिससे न केवल आम लोग बल्कि सेलेब्रिटीज भी जूझ रहे हैं। इसी कड़ी में फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस OTT2 के विजेता एल्विश यादव भी शामिल हो गए। एल्विश के बाल आगे से गिरने लगे थे, जिससे उनकी हेयरलाइन धीरे-धीरे पीछे खिसक रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट करवाया, जिसकी जानकारी हाल ही में उनकी सर्जन, डॉ. अरीका बंसल ने एक पॉडकास्ट में दी।
कैसे वापस आए एल्विश यादव के बाल
डॉ. अरीका बंसल ने बताया कि एल्विश यादव जो केवल 26 साल के हैं, का नॉन-ट्रिम मेथड से हेयर ट्रांसप्लांट किया गया। पहले उनके कई टेस्ट किए गए थे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ट्रांसप्लांट उनके लिए सुरक्षित है। जब टेस्ट सही निकले, तब उनके बालों की ग्राफ्टिंग प्रक्रिया शुरू हुई।
एल्विश का ट्रांसप्लांट डायरेक्ट हेयर ट्रांसप्लांट (DHT) तकनीक से किया गया, जिसमें 1981 ग्राफ्ट लगाए गए। इसके लिए उनके सिर के पीछे से बाल लेकर उन्हें फ्रंट हेयरलाइन पर लगाया गया, जिससे उनकी खोई हुई हेयरलाइन फिर से वापस आई।
डायरेक्ट हेयर ट्रांसप्लांट क्या है

हेयर ट्रांसप्लांट एक सर्जिकल प्रोसेस है जिसमें सिर के पीछे या साइड से बाल लेकर उन्हें उन जगहों पर लगाया जाता है जहां बाल गिर चुके होते हैं। यह मेल पैटर्न बाल झड़ने की समस्या के लिए एक प्रभावी उपाय है। ट्रांसप्लांट से बालों की घनत्व और वॉल्यूम बढ़ाया जाता है, जिससे व्यक्ति की हेयरलाइन फिर से उभर आती है।
क्या है हेयर ट्रांसप्लांट की लागत
हेयर ट्रांसप्लांट की कीमत बालों की स्थिति और गंजेपन के आधार पर तय की जाती है। आमतौर पर यह प्रक्रिया 2 से 4 लाख रुपये तक की हो सकती है।
हेयर ट्रांसप्लांट के नुकसान
हेयर ट्रांसप्लांट एक सर्जिकल प्रक्रिया है, इसलिए इसमें कुछ जोखिम भी जुड़े होते हैं:
बालों की जड़ों का डैमेज होना
संक्रमण का खतरा
सिर की त्वचा में धंसाव और सूजन की समस्या
खुजली और अल्सर का खतरा
हार्ट की बीमारी या पेसमेकर वाले मरीजों को ट्रांसप्लांट न कराएं
एनेस्थीसिया से डायबिटीज और हाई बीपी वाले मरीजों को खतरा हो सकता है
ध्यान रखने योग्य बातें
2022 में दिल्ली के एक 30 वर्षीय युवक की हेयर ट्रांसप्लांट के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने एडवाइजरी जारी की थी कि केवल योग्य डॉक्टर से ही हेयर ट्रांसप्लांट कराना चाहिए।
