किचन में साफ-सफाई के दौरान बर्तन धोने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले स्क्रब और स्पंज का उपयोग आम बात है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये आपकी सेहत के लिए कितना खतरनाक हो सकते हैं? घर की किचन को साफ रखने के लिए लोग स्क्रब का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन सफाई के बाद इसे सही तरीके से सुखाने की आदत को नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आपकी किडनी को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
गीला स्क्रब: खतरनाक बैक्टीरिया का घर
अक्सर देखा जाता है कि लोग बर्तन साफ करने के बाद स्क्रब और स्पंज को गीला ही छोड़ देते हैं। यह आदत बेहद खतरनाक साबित हो सकती है, क्योंकि गीले स्क्रब में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। इन बैक्टीरिया में ई-कोली, फेकल बैक्टीरिया और साल्मोनेला जैसे हानिकारक जीवाणु होते हैं। जब गंदे स्क्रब से बर्तन साफ किए जाते हैं, तो ये बैक्टीरिया बर्तनों में चिपक जाते हैं और भोजन के साथ हमारे शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे फूड पॉइजनिंग, पेट की समस्याएं और आंतों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
किडनी फेल होने का खतरा

ड्यूक यूनिवर्सिटी के बायोमेडिकल इंजीनियरों द्वारा किए गए एक अध्ययन के अनुसार, स्क्रब में मौजूद एम्पाइलोबैक्टर नामक बैक्टीरिया आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं ई-कोली बैक्टीरिया हीमोलिटिक यूरेमिक सिंड्रोम का कारण बनता है, जो सीधे किडनी को प्रभावित करता है। इस बैक्टीरिया के संक्रमण से किडनी फेल होने तक की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा स्क्रब में पनपने वाले अन्य बैक्टीरिया भी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं, जैसे मेनेंजाइटिस, निमोनिया, डायरिया, और खून में जहर फैलने की समस्या।
कैसे बचें इन खतरों से
स्क्रब और स्पंज का सही तरीके से रखरखाव बहुत जरूरी है। बर्तन धोने के बाद स्क्रब को अच्छी तरह से धोकर उसे सूखने के लिए रख दें। गीले स्क्रब का उपयोग करने से बचें और समय-समय पर स्क्रब को बदलें। इसके अलावा किचन में सफाई का खास ध्यान रखें और ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करें जो जल्दी सूख जाते हैं या बैक्टीरिया के पनपने की संभावना को कम करते हैं।
