यूं तो हमने मरीजों के लिए एंबुलेंस सेवा और जानवरों वाले एंबुलेंस के बारे में जरूर सुना है इतना ही नहीं देखा भी होगा। लेकिन क्या आपने कभी पेड़-पौधों की एंबुलेंस के बारे में सुना है। शायद ही लोगों को इसके बारे में पता होगा। ऐसे में आज हम हम आपको एक ऐसी एंबुलेंस के बारे में जानकारी देने वाले हैं जो सिर्फ बीमार और मरणासन्न पेड़ पौधों लिए काम करती है और उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट देकर जीवित भी कर देती है। यह एंबुलेंस मौके पर बीमार पौधे के पास पहुंचती है और ऑन द स्पॉट इलाज भी कर देती है। तो आइए जानते हैं इस एंबुलेंस के बारे में-
उत्तर प्रदेश पहली बार चला ये एंबुलेंस

दरअसल यह एंबुलेंस उत्तर प्रदेश के आगरा में पहली बार चलाई गई है। इस एंबुलेंस का नाम ट्री एंबुलेंस है। इसे आगरा के ही एक सामाजिक संगठन सत्यमेव जयते ने बनाया है। यह एंबुलेंस पेड़-पौधों के लिए चलता-फिरता फ्री सेवा देने वाली हॉस्पीटल है। इस एंबुलेंस के नंबर पर कोई भी व्यक्ति फोन कर बीमार या किसी भी परेशानी से जूझ रहे पेड़-पौधों की जानकारी दे सकता है।
जिसके बाद यह एंबुलेंस कुछ ही मिनटों में वहां पहुंचकर पौधों के इलाज में जुट जाती है। बता दें कि यह एंबुलेंस बोलेरो गाड़ी के ऊपर बनाई गई है। ऊपर से इसकी छत खुली हुई है, जिसमें एक जनरेटर के अलावा करीब 30 से ज्यादा पेड़-पौधों के लिए इस्तेमाल होने वाले औजार, खाद, दवाएं और 1000 लीटर की एक टंकी रखी होती है।
पेड़-पौधों के लिए कैसे करता है काम

अगर हम इस एंबुलेंस के काम करने के तरीके की बात करें तो इसका में काम बीमार हो चुके पेड़-पौधों को बचाना है। इसके अलावा यह पौधों की कटिंग करती है और उनकी खूबसूरती को भी बढ़ाने का काम करती है। ट्री गार्ड में बड़े होने के चलते कसमसाते पौधों को उनसे मुक्त कराती है, ताकि पेड़ बिना किसी प्रॉब्लम के के आराम से बड़े हो सकें। साथ ही वो पेड़ों में दीमक या कोई बीमारी लगने पर उनमें दवा डालती है।
अगर किसी पौधे को खाद की जरूरत होती है तो वहां खाद लगाते है। इतना ही नहीं करीब 3 से 4000 लीटर पानी रोजाना पौधों में देती है। यह एंबुलेंस पूरे शहर में नए पेड़ पौधे भी लगाने का काम करती है। अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक जगह पर पौधा लगाता है लेकिन देखभाल नहीं कर पाता है तो यह एंबुलेंस उसकी देखभाल भी करती है।
एंबुलेंस में कितने स्टाफ मौजूद होते हैं

बता दें कि इस एंबुलेंस में पेड़-पौधों का डॉक्टर यानि माली, ड्राइवर और जनरेटर व पानी की सिंचाई आदि कि लिए स्टाफ होते हैं ताकि पानी की टंकी को बार बार भरा जा सके। यह एंबुलेंस सुबह 8 बजे से शाम के 4 बजे तक चलती है। वहीं यह एंबुलेंस करीब 11 महीने से चल रही है।
सत्यमेव जयते का ऑफिस संजय प्लेस में है। अगर कोई व्यक्ति किसी पेड़-पौधे के बारे में जानकारी देना चाहता है तो वह ऑफिस के इस 0562-4308769 नंबर पर जानकारी दे सकते हैं। कभी अगर किसी पेड़ को लेकर किसी तरह की परेशानी होती है तो वन विभाग वालों से संपर्क किया जाता है और समय-समय पर उनकी राय ली जाती है
क्या घरों के पौधों के लिए भी है ये एंबुलेंस

दरअसल यह एंबुलेंस सार्वजनिक स्थानों के पौधों के लिए शुरू की गई है। ऐसे में अगर पौधा किसी सरकारी विभाग ने लगाए हों या किसी व्यक्ति ने अगर पौधे बीमार हैं तो यह एंबुलेंस सेवा देगा। हालांकि अगर कोई व्यक्ति पेड़-पौधे इसलिए देना चाहता है कि वह उनकी देखभाल नहीं कर सकता तो यह एंबुलेंस ऐसे पौधों को भी लेती है और देखभाल करती है।
