बर्गर किंग एक बार फिर से सुर्खियों में बना हुआ है लेकिन इस बार अपने प्रोडक्ट की लॉन्चिंग या फिर स्वादिष्ट बर्गर के कारण नहीं बल्कि एक ग्राहक के बुरे अनुभव के कारण। यमन देव शर्मा नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर एक्स पर बर्गर किंग के साथ अपना खराब अनुभव शेयर करते हुए कंपनी की जमकर आलोचना की है। यमन ने बर्गर किंग के वेज बर्गर की कई सारी तस्वीरें अपने एक्स पर शेयर की हैं जिसमें साफ-साफ ब्रेड पर फफूंद लगी हुई दिख रही है।

ये है पूरा मामला

यमन के द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बर्गर पर फफूंद लगी हुई है। इस तस्वीर के साथ शर्मा ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि जोमेटो से बर्गर किंग ऑर्डर किया अभी फ्राइज खत्म ही किए और बर्गर खोला तो पता चला उन्होंने नया फ्लेवर लॉन्च किया है जहां बर्गर ब्रेड के साथ फफूंद फ्री मिल रही है। इसके अलावा बर्गर किंग की ग्राहकों के प्रति लापरवाही पर भी उन्होंने तंज कस दिया है। उन्होंने लिखा कि- ‘ये दिखाता है कि आप लोग अपने कस्टमर्स की सेहत का ध्यान कितना रखते हैं। भाई सीधे-सीधे कह दो कि यदि अगली बार से हम यहां से ऑर्डर नहीं करेंगे’।

जोमेटो और बर्गर किंग ने मांगी माफी

हालांकि इसके बाद जोमेटो और बर्गर किंग दोनों ने माफी भी मांगी है। जोमेटो ने लिखा कि – ‘यह बहुत ही चौंकाने वाला है, हमें खेद है कि आपको ऐसा अनुभव हुआ है हम इस मामले की जांच करेंगे। इसी बीच हमारी टीम का एक सदस्य आपसे संपर्क भी करेगा। कृप्या हमें अपना रजिस्टर्ड कॉन्टैक्ट नंबर डीएम करें’।

वहीं बर्गर किंग ने लिखा कि – ‘हमारा इरादा कभी भी ऐसा अनुभव देने का नहीं था। कृप्या हमें अपना कॉन्टैक्ट नंबर, स्टोर लोकेशन, ऑर्डर आईडी और ईमेल आईडी भेजें ताकि हम आपके संपर्क कर सकें। निश्चित रहें कि इस मामले की हम गहराई से जांच करेंगे’।

फफूंद लगी ब्रेड खाने के नुकसान

आपको बता दें कि यदि आप गलती से भी फफूंद लगी ब्रेड या कोई भी चीज खा लें तो कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। फफूंद में कुछ ऐसे बैक्टीरिया होते हैं जो आपके लिए बहुत गंभीर समस्या खड़ी कर सकते हैं। इससे लीवर डैमेज, उल्टियां, जी मिचलाना जैसे बीमारियां हो सकती है, लेकिन यह आपकी उम्र और आपके इम्यून सिस्टम पर निर्भर करता है। फफूंद का सबसे भयानक कीटाणु कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का कारण भी बन सकता है जो एफ्लाटॉक्सिन के रुप में जाना जाता है यह ज्यादातर मूंगफली और मक्का के कुछ भागों में हो सकता है।

फूड पॉइजनिंग

फफूंद अपने आप में खतरनाक नहीं होती लेकिन इसके साथ आने वाले कीटाणु सेहत के लिए हानिकारक हो सकते हैं। फफूंद खाने से आपको फूड पॉइजनिंग हो सकती है और आप को उल्टी, जी मिचलाना, डायरिया आदि के लक्षण भी दिख सकते हैं। यह लक्षण कम या ज्यादा भी हो सकते हैं। साथ ही यह बैक्टीरिया के प्रकार और आपके द्वारा खाए जाने वाले भोजन की मात्रा पर निर्भर करता है।

एलर्जी

कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें भोजन पर पाए जाने वाले फफूंद से एलर्जी होते हैं। यदि आपको भी ऐसा है तो इससे दूर ही रहें। इसे खाने से आपको खुजली, आंखों में पानी ,पित्त या दानें, घरघराहट, बहती या भरी हुई नाक जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

लीवर के लिए हानिकारक

फफूंद में कुछ ऐसे बैक्टीरिया मौजूद होते हैं जो आपके लिए गंभीर समस्या खड़ी कर सकते हैं। इससे आपका लिवर खराब हो सकता है।

ऐसे में कोई भी चीज खाने से पहले एक बार अच्छे से जांच जरुर कर लें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *