अगर आप कमजोर नजर के कारण चश्मे पर निर्भर हैं और इससे छुटकारा पाना चाहते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। भारत में पहली बार ऐसी आई ड्रॉप लॉन्च की गई है, जो आपको चश्मे से छुटकारा दिला सकती है। इस आई ड्रॉप को आंखों में डालने के बाद मात्र 15 मिनट के भीतर आपकी नजर अस्थायी तौर पर बेहतर हो जाएगी, जिससे आप टीवी देखने, अखबार पढ़ने या पास की किसी भी चीज को बिना चश्मे के स्पष्ट रूप से देख सकेंगे। इस नए आविष्कार को भारतीय दवा नियामक, ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DGCI) द्वारा मंजूरी मिल गई है।
क्या है इस आई ड्राप का नाम
इस आई ड्रॉप को प्रेस्वू नाम दिया गया है, जिसे मुंबई स्थित एन्टोड फार्मास्यूटिकल्स ने तैयार किया है। यह आई ड्रॉप पिलोकार्पाइन का उपयोग करके बनाई गई है, जो आंख की पुतलियों के आकार को कम करके प्रेसबायोपिया का इलाज करती है। प्रेसबायोपिया एक उम्र से जुड़ी समस्या है, जिसमें उम्र बढ़ने के साथ आंखों की पास की चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता कम हो जाती है। प्रेसबायोपिया से ग्रस्त व्यक्ति को पास की चीजों को साफ देखने के लिए चश्मे का सहारा लेना पड़ता है।
15 मिनट के भीतर दिखेगा असर
एन्टोड फार्मास्यूटिकल्स के सीईओ, निखिल के मसुरकर ने बताया कि प्रेस्वू आई ड्रॉप की एक बूंद आंख में डालने पर यह 15 मिनट के भीतर काम करना शुरू कर देती है और इसका असर लगभग छह घंटे तक बना रहता है। यदि इस दौरान एक और बूंद डाली जाए, तो इसका प्रभाव और भी लंबा हो सकता है। अब तक प्रेसबायोपिया के इलाज के लिए पढ़ने के चश्मे, कॉन्टैक्ट लेंस या सर्जरी के अलावा कोई अन्य विकल्प उपलब्ध नहीं था। लेकिन प्रेस्वू आई ड्रॉप के आने से उन लोगों को राहत मिलेगी जो चश्मे से परेशान हैं।
जानें इस आई ड्राप की खासियत
इस आई ड्रॉप की सबसे खास बात यह है कि यह खासतौर पर भारतीय आंखों और भारतीय आबादी के आनुवंशिक आधार को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। एन्टोड फार्मास्यूटिकल्स का दावा है कि यह दवा भारत की पहली दवा है, जिसका परीक्षण भारतीय आंखों पर किया गया है और यह पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावी है।
जानें इसकी उपलब्धता और कीमत
इस आई ड्रॉप की उपलब्धता और कीमत की बात करें तो प्रेस्वू आई ड्रॉप अक्टूबर के पहले सप्ताह से बाजार में उपलब्ध होगी। इसे केवल डॉक्टर की सलाह पर ही खरीदा जा सकेगा और इसकी कीमत 350 रुपये होगी। यह दवा खासतौर पर 40 से 55 साल की आयु के लोगों के लिए बनाई गई है, जिनमें हल्के से मध्यम स्तर की प्रेसबायोपिया की समस्या होती है।
क्या है एन्टोड फार्मास्यूटिकल्स आई
एन्टोड फार्मास्यूटिकल्स आई, ईएनटी और त्वचाविज्ञान दवाओं में विशेषज्ञता रखने वाली एक प्रमुख भारतीय कंपनी है, जो 60 से अधिक देशों को दवाएं निर्यात करती है। कंपनी का यह नया उत्पाद भारत में आई केयर के क्षेत्र में एक बड़ा कदम है, जिससे लाखों लोगों को लाभ मिल सकता है।
छह घंटे तक तक प्रभावी
हालांकि यह आई ड्रॉप केवल अस्थायी राहत प्रदान करती है और इसका असर छह घंटे तक रहता है, फिर भी यह उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जो बिना सर्जरी या कॉन्टैक्ट लेंस के बिना ही अपनी नजर में सुधार चाहते हैं। इस दवा के माध्यम से वे लोग भी लाभान्वित होंगे, जो चश्मे का उपयोग करने में असहज महसूस करते हैं। इसके अलावा, यह दवा उम्र बढ़ने के साथ आने वाली आंखों की समस्याओं का एक सस्ता और प्रभावी समाधान भी प्रदान करती है।
इस नई दवा के लॉन्च के साथ, भारत के आई केयर क्षेत्र में एक नई क्रांति का आगाज हुआ है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में इस आई ड्रॉप का उपयोग कैसे बढ़ता है और क्या यह लोगों को चश्मे से मुक्ति दिलाने में कितनी प्रभावी साबित होती है। प्रेस्वू आई ड्रॉप निश्चित रूप से उन लोगों के लिए एक उम्मीद की किरण है, जो अपनी नजर की कमजोरी से परेशान हैं और चश्मे से निजात पाना चाहते हैं।
