हाल ही में केरल में कोझिकोड स्थित सरकारी अस्पताल से लापरवाही और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां बीते गुरुवार के दिन सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने चार साल की बच्ची का उंगली की जगह जीभ का ऑपरेशन कर दिया। बच्ची की परिवारजनों ने बताया कि उनकी बच्ची के एक हाथ में 6 उंगलियाँ थी जिसमें से एक एक्स्ट्रा उंगली को हटाने के लिए के लिए अस्पताल लेकर आए थे।
वहीं उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की गलती तब सामने आई जब सर्जरी के बाद उन्होंने बच्ची के मुंह में रूई देखी और उसके हाथों की 6 उंगली वैसी ही थी। जब गलती का पता चला तो डॉक्टर ने बताया कि यह ऑपरेशन गलती से हुआ क्योंकि उसी दिन दो बच्चों की सर्जरी की जानी थी।
इसके बाद बच्ची के परिवार ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में दोबारा किसी को इस अनुभव से गुजरना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्ची को जीभ में कोई समस्या नहीं थी। लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से मेरी बच्ची की जीभ की सर्जरी कर दी गई है। अगर इस गलती की वजह से बच्ची पर अगर कोई दुष्प्रभाव पड़ता है तो अस्पताल के प्राधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।
राज्य के हेल्थ मिनिस्टर ने दिए जांच के निर्देश
बता दें कि इस मामले की जानकारी लेते हुए केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक को प्रकरण की जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। हालांकि बच्ची इस समय अस्पताल में भर्ती है और परिवार ने पुलिस से शिकायत करने की अपील की है। साथ ही परिवारजनों ने भारी गलती करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
