अगर आपको मासिक धर्म के दौरान दर्द महसूस होता है, पेट के निचले हिस्से में दर्द होता है या फिर पीरियड्स में ज्यादा ब्लीडिंग होती है तो इसे इग्नोर न करें। दरअसल हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की छोटी बहन शमिता शेट्टी को इन दिनों कुछ इस तरह के लक्षण देखने को मिले हैं। ऐसे में उन्होंने चेक अप करवाया तो पता चला कि उन्हें एंडोमेट्रियोसिस की समस्या है। इसके चलते उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी। इसकी जानकारी शमिता ने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। आपको बता दें उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए एंडोमेट्रियोसिस के बारे में जानकारी दी। तो चलिए आपको बताते हैं कि एंडोमेट्रियोसिस क्या है, इसके लक्षण और बचाव कैसे किया जा सकता है।
एंडोमेट्रियोसिस से लाखों महिलाएं हैं ग्रसित
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, एंडोमेट्रियोसिस एक गंभीर बीमारी है। यह मां बनने में सक्षम दुनिया की 10% महिलाओं को प्रभावित करती है। भारत की बात करें तो एक आंकड़े के मुताबिक यहां करीब 2.5 करोड़ महिलाएं एंडोमेट्रियोसिस बीमारी से जुद्ज रही हैं। यह एक ऐसी बीमारी है जो पीरियड्स, संभोग, मल त्याग, या पेशाब के दौरान गंभीर दर्द, क्रोनिक पेल्विक दर्द, पेट में सूजन, मतली, थकान और कभी-कभी अवसाद, चिंता व बांझपन की वजह बन जाती है।
एंडोमेट्रियोसिस क्या है
दरअसल गर्भाशय की लाइनिंग को एंडोमेट्रियम कहते हैं। जब ओवरी, बाउल और पेल्विस की लाइनिंग के ऊतकों पर एंडोमेट्रियल टिश्यू विकसित होने लगते हैं, तब एंडोमेट्रियोसिस की समस्या उत्पन्न होती है। इसके कारण महिलाओं को गर्भधारण करने में दिक्कत आ सकती है।
एंडोमेट्रियम के कुछ बड़े लक्षण
मासिक धर्म के दौरान दर्द
पेट के निचले हिस्से में दर्द
माहवारी के आसपास ऐंठन
पीरियड्स में ज्यादा ब्लीडिंग
संभोग के दौरान तेज दर्द होना
मल/पेशाब त्याग करने में दिक्कत
