हर प्रेग्नेंट महिला यही चाहती है कि उनके गर्भ में पल रहा शिशु स्वस्थ हो और उसका मानसिक-शारीरिक विकास सही से हो लेकिन यह सब तभी हो सकता है, जब गर्भ में पल रहे बच्चे का वजन संतुलित हो। कई बार ऐसा होता है कि गर्भावस्था के दौरान मां तमाम हेल्दी चीजों का सेवन करती हैं। इसके बाद भी जन्म के समय बच्चे का वजन कम रह जाता है। ऐसा आपके साथ न हो, इसके लिए जरूरी है कि हर प्रेग्नेंट महिला अपनी डाइट में कुछ ऐसी चीजों का सेवन करें, जिसका पॉजिटिव असर बच्चे के वजन पर पड़ सकता है। इस तरह की डाइट को खासतौर पर 9वें महीने में फॉलो करना चाहिए। ध्यान रखें कि यह समय हर महिला के लिए सबसे ज्यादा क्रिटिकल होता है। ऐसे में तक बच्चे के सभी ऑर्गन पूरी तरह विकसित हो चुके होते हैं, बच्चे की मूवमेंट बढ़ जाती है और उसे अन्य तिमाहियों के मुकाबले इस दौरान अधिक पोषक तत्वों की जरूरत होती है। तो चलिए आपको बताते हैं कुछ ऐसे फूड्स जिन्हें आप 9वें महीने में खा सकते हैं। आइए जानते हैं।

9वें महीने की प्रेग्नेंसी में डाइट में क्या शामिल करें

डाइट में शामिल करें ड्राई फ्रूट्स और नट्स

गर्भावस्था के 9वें महीने में हर महिला को ड्राई फ्रूट्स और नट्स का सेवन करना चाहिए। हालांकि, इन सबका सेवन सीमित मात्रा में करना फायदेमंद होगा। ड्राई फ्रूट्स और नट्स कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इनमें पोटेशियम, मैग्नीशियम और विटामिन-ई काफी अच्छी मात्रा में मौजूद होता है। बादाम की बात करें, तो यह फाइबर और मोनोसेच्युरेटेड फैट का अच्छा स्रोत माने जाते हैं ऐसे में यह प्रेग्नेंसी के दौरान बच्चे के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, पिस्ता बच्चे के मस्कुलर डेवेलपमेंट के लिए जिम्मेदार होता हैं। जबकि, काजू आयरन का अच्छा स्रोत है। इसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम भी मौजूद होता है जो जोड़ों और हड्डियों को मजबूती देता है।

तरह-तरह की दालें

यदि गर्भवती महिला को अपने 9वें महीने में यह लगता है कि उसके गर्भ में पल रहे शिशु का वजन कम है तो उन्हें अपनी डाइट में तरह-तरह की दालें शामिल करनी चाहिए। दालें आयरन, प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत मानी जाती हैं इसमें फाइबर, फोलेट और कैल्शियम भी मौजूद होता है। यहां तक कि दालें जिंक का भी अच्छा स्रोत होती हैं जो कि डिलीवरी से जुड़ी समस्याओं और जोखिमों को कम करने में अहम भूमिका निभाती हैं। एक्सपर्ट्स की मानें, तो गर्भ में पल रहे शिशु के हेल्दी वेट के लिए हर गर्भवती महिला को अपने 9वें महीने में दालों का सेवन पर्याप्त मात्रा में करना चाहिए।

एवोकाडो

प्रेग्नेंसी के 9वें महीने में एवोकाडो का सेवन करना भी बच्चे के हेल्दी वजन के लिए फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, 9वें महीने में गर्भवती महिला को अतिरिक्त कैलोरीज की जरूरत होती है। एवोकाडो एक ऐसा फल है, जिसमें विटामिन-सी, फोलेट और विटामिन बी6 मौजूद होता है। इसके अलावा, इसमें एक्स्ट्रा कैलोरीज भी पाई जाती हैं जो वेट गेन में मदद कर सकती हैं। हालांकि, इसका सेवन प्रेग्नेंसी के शुरुआती चरण में भी किया जा सकता है। इसमें मौजूद फैट भ्रूण के विकास को बढ़ावा देता है।

फल

प्रेग्नेंसी के 9वें महीने में महिलाओं को तरह-तरह के फलों का सेवन करना चाहिए। खास तौर पर कीवी, केला, स्ट्रॉबेरी जैसे फलों की मदद से न सिर्फ गर्भवती महिला के स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि बच्चे को हेल्दी वेट करने में भी मदद मिलती है। आपको बता दें कि फलों में कई तरह के विटामिन पाए जाते हैं। ये विटामिन बच्चे की अच्छी ग्रोथ के लिए जिम्मेदार होते हैं। यहां तक कि इनकी मदद से महिला की इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है, जो उन्हें बीमार होने से रोकती है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *