दुनियाभर में अलग-अलग बीमारियों के फैलने के मामले सामने आते हैं। ऐसे में एक बार फिर अमेरिका में इन दिनों एक नई बीमारी, जिसे स्लैप्ड चीक (Slapped Cheek) के नाम से जाना जाता है, तेजी से फैल रही है। इस बीमारी का मुख्य कारण पार्वोवायरस B19 है, जिसके कारण संक्रमित व्यक्तियों के गालों पर छोटे-छोटे लाल दाने हो जाते हैं, जो दिखने में ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी ने थप्पड़ मारा हो। यह स्थिति खासकर बच्चों, प्रेगनेंट महिलाओं और रक्त विकारों से पीड़ित लोगों के लिए अधिक खतरनाक साबित हो रही है।

बढ़ती चिंताएं, पुराने वायरस फिर से सक्रिय

पिछले कुछ महीनों से दुनिया भर में पुराने वायरसों का पुनः सक्रिय होना एक चिंता का विषय बन गया है। उदाहरण के लिए भारत में चांदीपुरा वायरस के नए मामले सामने आए, और अफ्रीका में मंकीपॉक्स की वापसी ने वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों को चिंतित कर दिया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने मंकीपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया। इस बीच अब अमेरिका में पार्वोवायरस B19 के कारण स्लैप्ड चीक बीमारी के मामलों में वृद्धि हो रही है, जिसके कारण सीडीसी (Centers for Disease Control and Prevention) ने अलर्ट जारी किया है।

किन्हें है अधिक खतरा

स्लैप्ड चीक बीमारी छोटे बच्चों और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों में तेजी से फैल रही है। विशेष रूप से 5 से 9 साल के बच्चों में इसके संक्रमण के मामले अधिक देखे जा रहे हैं। दरअसल इस आयु वर्ग के लगभग 35% बच्चों में इस वायरस के लक्षण पाए गए हैं। उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, और विशेषज्ञ इस पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।

क्या है पार्वोवायरस B19

पार्वोवायरस B19 एक साधारण फ्लू जैसा वायरस है, जो आमतौर पर बच्चों में फैलता है। इस वायरस से हल्का बुखार होता है और गालों पर लाल दाने निकल आते हैं। यह वायरस अमेरिका में काफी समय से सक्रिय है और हर साल इसके कुछ मामले सामने आते रहते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह वायरस कई दशकों पुराना है और इसे सामान्य फ्लू के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि इस बार इसके मामले कुछ अधिक सामने आ रहे हैं, लेकिन इसमें घबराने की जरूरत नहीं है।

क्या है जोखिम

बता दें कि इस वायरस से बचाव के लिए अभी तक कोई वैक्सीन उपलब्ध नहीं है, इसलिए जोखिमग्रस्त समूहों जैसे प्रेगनेंट महिलाएं, छोटे बच्चे और रक्त विकारों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इन समूहों में संक्रमण के लक्षण गंभीर हो सकते हैं, और उन्हें संक्रमित लोगों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।

स्लैप्ड चीक बीमारी के लक्षण

गालों पर लाल दाने होना

हल्का बुखार

जोड़ो में दर्द

पैरों में दर्द

क्या है बचाव के उपाय

भोजन करने से पहले हाथ धोना

संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचना

फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना

संक्रमित क्षेत्रों में जाने से परहेज करना

क्या है विशेषज्ञों की राय

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस वायरस को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। हालांकि जिन लोगों को इस वायरस से अधिक खतरा है, उन्हें सतर्क रहने की जरूरत है। संक्रमण से बचने के लिए उचित स्वच्छता बनाए रखना और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करना महत्वपूर्ण है।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *