बारिश के मौसम में जहां एक ओर वातावरण में नमी बढ़ती है, वहीं दूसरी ओर कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर सांस संबंधी बीमारियों के मामले इस मौसम में अधिक देखने को मिलते हैं। ऐसी ही एक बीमारी है रेस्पिरेटरी सिंसिशियल वायरस (RSV) संक्रमण, जो विशेष रूप से नवजात शिशुओं और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को प्रभावित करती है। इस वायरस से संक्रमित होने पर बच्चों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए इसके लक्षणों की पहचान और बचाव के उपाय जानना महत्वपूर्ण है।
कैसे फैलता है RSV
RSV वायरस एक ऐसी बीमारी है जो मुख्य रूप से नाक या मुंह के जरिए शरीर में प्रवेश करता है। जब कोई संक्रमित बच्चा खांसता या छींकता है, तो यह वायरस हवा में फैल जाता है और आस-पास के लोगों को संक्रमित कर सकता है। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने या संक्रमित सतह को छूने के बाद यदि आप अपनी नाक या मुंह को छूते हैं, तो यह वायरस आपके शरीर में प्रवेश कर सकता है।
क्या हैं RSV के लक्षण
RSV के लक्षण सामान्य फ्लू जैसे होते हैं, लेकिन नवजात शिशुओं और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों में ये लक्षण गंभीर रूप ले सकते हैं। कुछ सामान्य लक्षणों में शामिल हैं:
लगातार खांसी आना
नाक बहना या बंद होना
छींक आना
तेज बुखार
गले में खराश
गंभीर लक्षण जो ध्यान देने योग्य हैं
भूख में कमी
सांस लेने में कठिनाई
त्वचा का रंग नीला या ग्रे हो जाना
इन लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, खासकर छोटे बच्चों के लिए। इसलिए यदि इनमें से कोई भी लक्षण नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
कैसे करें बचाव
हाथों को बार-बार साबुन से धोएं
संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से बचें
खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें
घर की सफाई पर विशेष ध्यान दें, खासकर उन वस्तुओं की जो रोजमर्रा के इस्तेमाल में आती हैं
अपना व्यक्तिगत सामान दूसरों के साथ साझा न करें
धूम्रपान करने से भी बच्चों में RSV संक्रमण का जोखिम बढ़ जाता है, इसलिए धूम्रपान से बचें। इसके अलावा, बच्चों को फ्लू का टीका लगवाना RSV के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय हो सकता है।
