बारिश का मौसम एक तरफ जहां बहुत ज्यादा सुहावना लगता है, वहीं यह अपने साथ कई हेल्थ समस्याओं को साथ में लाता है। दरअसल हाल ही में हिमाचल प्रदेश के शिमला शहर में स्क्रब टाइफस से पहली मौत की खबर सामने आई है, जिसने राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति चिंताएं बढ़ा दी हैं। बता दें यह बीमारी अकसर बरसात में तेजी से लोगों को अपना शिकार बनाती है। वहीं अधिकारियों ने जानकारी दी कि शिमला के पंथाघाटी इलाके के एक 91 वर्षीय व्यक्ति की इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में स्क्रब टाइफस के इलाज के दौरान मौत हो गई। यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले हिमाचल प्रदेश में 44 स्क्रब टाइफस के मामले सामने आ चुके हैं।
क्या होता है स्क्रब टाइफस
स्क्रब टाइफस एक गंभीर और संक्रामक बीमारी है जो आमतौर पर झाड़ियों में पाए जाने वाले माइट (चींचड़ा) के काटने से फैलती है। इस माइट में ओरेंशिया सुसुगेमोसी नामक बैक्टीरिया होता है, जो खून में प्रवेश कर व्यक्ति को संक्रमित कर देता है। यह बीमारी बारिश के मौसम में अधिक फैलती है, क्योंकि इस समय झाड़ियों और घास में माइट्स की गतिविधियां बढ़ जाती हैं।
क्या है स्क्रब टाइफस के लक्षण
स्क्रब टाइफस के शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, और मांसपेशियों में दर्द शामिल हैं। कुछ मामलों में संक्रमित व्यक्ति के शरीर पर चकत्ते भी दिखाई दे सकते हैं। माइट के काटने के लगभग 10 दिन बाद ये लक्षण उभरने लगते हैं। अगर समय पर इसका इलाज नहीं किया गया, तो यह बीमारी जानलेवा साबित हो सकती है, जैसा कि शिमला में हुआ।
स्क्रब टाइफस से कैसे करें बचाव
इस बीमारी से बचाव के लिए कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है। सबसे पहले चूहों, गिलहरियों, और खरगोशों जैसे छोटे जानवरों से दूरी बनाए रखनी चाहिए क्योंकि ये माइट्स के प्रमुख वेक्टर हो सकते हैं। नंगे पैर घास पर चलने से बचें और शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें ताकि माइट्स से बचा जा सके। घर के आसपास की झाड़ियों और घनी घास को नियमित रूप से साफ करें, क्योंकि ये स्थान माइट्स के छिपने के प्रमुख ठिकाने होते हैं। इसके अलावा अपने घर और आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें ताकि इनकी संख्या नियंत्रित रहे।
वहीं स्क्रब टाइफस का समय पर पहचान और उचित इलाज करना बेहद जरूरी है ताकि इसके गंभीर परिणामों से बचा जा सके। इस बीमारी के बढ़ते खतरे को देखते हुए, लोगों को स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करने की सख्त जरूरत है।
इन राज्यों में जारी किया गया अलर्ट
बता दें कि इस समय महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में स्क्रब टाइफस के बढ़ते मामलों को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। राज्य सरकारों और स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनता को इस बीमारी के प्रति जागरूक रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
