बजट के लगभग दो हफ्ते के बाद आम लोगों को सरकार ने एक बड़ी राहत दी है।भारत सरकार ने पेनकिलर से लेकर एंटीबायोटिक्स समेत 70 दवाईयों के रेट कम करने का फैसला लिया है। इस फैसले से आम लोगों के लिए कई बीमारियों का इलाज कराना सस्ता और बहुत आसान हो जाएगा। देश में करोड़ों लोग अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए पेनकिलर से लेकर एंटीबायोटिक्स जैसी दवाईयां खरीदते हैं। जरूरी दवाओं के दाम कम करने से देश में करोड़ों लोगों को सीधा फायदा होगा।
NPPA की मीटिंग में लिया गया फैसला
नेशनल फार्मास्यूटिकल प्रॉइसिंग अथॉरिटी ने हाल में एक मीटिंग बुलाई थी। इस मीटिंग में कई ऐसी जरुरी दवाइयों को सस्ता करने का फैसला लिया गया, जिसे सरकार ने इस हफ्ते में नोटिफिकेशन जारी कर आधिकारिक घोषणा कर दी। मीटिंग में 70 दवाईयों समेत 4 स्पेशल दवाइयों के भी रेट कम किए गए हैं। आपको बता दें कि सरकार का यह फैसला पिछले महीने पेश हुए बजट के लगभग दो हफ्ते के बाद आया है ।
आखिर क्या है NPPA?
दरअसल NPPA भारत में जरूरी दवाईयों के रेट को कंट्रोल करती है। ज्यादातर उन्हीं दवाईयों को कंट्रोल में किया जाता है जो आमतौर पर ज्यादा इस्तेमाल होती हों।
ये दवाईयां होंगी सस्ती
NPPA ने जिन 70 दवाओं के दाम कम किए हैं, उनमें पेनकिलर, एंटीबायोटिक्स, बुखार, संक्रमण, डायरिया, मांसपेशियों के दर्द, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हार्ट संबंधी बीमारियां सहित लाइफस्टाइल बीमारियों के इलाज में होने वाली दवाएं शामिल हैं। इसके अलावा 4 स्पेशल फॉर्मूलेशन वाली दवाओं के दाम को भी कम करने का फैसला लिया गया है।
पिछले महीने भी सस्ती हुई थी दवाईयां
पिछले महीने भी सरकार ने दवाईयों को सस्ता किया था। पिछली बार 54 आम इस्तेमाल की दवाओं और 8 विशेष दवाओं के दाम कम किए गए थे। इनमें एंटीबायोटिक, मल्टीविटामिन, डायबिटीज और हार्ट संबंधी दवाईयां शामिल थी। इसके अलावा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाईयां भी सस्ती की गई थी।
