देश में कई इलाकों में बारिश के कारण कई तरह की बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं, ऐसे में कुछ छोटे छोटे कीड़े भी अपना जलवा दिखा ही देते हैं। वहीँ अगर ये छोटे कीड़े काट लें तो शरीर में इंफेक्शन फैलने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही बहुत से लोग कीड़ा काटने के बाद इसके इलाज के लिए डॉक्टर के पास भी नहीं जाते हैं। उन्हें ये लगता है कि ये घाव या इन्फेक्शन खुद-ब-खुद ठीक हो जायेगा। तो चलिए आज इसी के बारे में जानते हैं कि कीड़े कितने प्रकार के होते हैं और इनके काटने से किस तरह के लक्षण दिखाई देते हैं।
कीड़े के काटने के आम लक्षण दाना होना है
राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में डॉ एनआर रावत ने बताया कि कीड़े काटने का सबसे आम लक्षण शरीर पर दाने होता है। वहीँ अगर आपको लगता है कि शरीर पर किसी भी हिस्से में जलन महसूस हो रही है और अचानक से लाल रंग के दाने उभर रहे हैं, तो ये कीड़ा काटने का लक्षण समझा जा सकता है। वहीँ बारिश के मौसम में कीड़े काटने के मामले भी बढ़ जाते हैं।
चीटीं का काटना
डॉ रावत बताते हैं कि कई अलग-अलग चीटिंयां आपको काट सकती हैं, साथ ही डंक भी मार सकती हैं। दरअसल चींटी के काटने के बाद शरीर पर लाल निशान,दर्द और खुजली के साथ चक्कते हो जाते हैं। कुछ मामलों में जख्म होने का डर भी रहता है। इतना ही नहीं जख्म वाली जगह फुंसी भी हो सकती है। चींटी के डंग में पाइपरिडीन एल्कलॉइड हो सकता है ऐसे में फुंसी कुछ दिनों तक रह सकती है। चींटी के काटने के तुरंत बाद हल्का दर्द , खुजली और जलन रहती है। ऐसा महसूस होने पर काटने वाली जगह को साबुन और पानी से धो लेना चाहिए।
खटमल का काटना
अक्सर खटमल बिस्तरों, कुर्सियों, सोफों और पर्दों में छिपे रहते हैं। वे एक वर्ष से अधिक समय तक भोजन के बिना भी रह सकते हैं। खटमल के काटने के बाद चेहरे, गर्दन और हाथों पर इसके लक्षण दिखने लगते हैं। साथ ही खुजली, सूजन होने का खतरा भी रहता है। कुछ मामलों में बुखार आने की सम्भावना भी रहती है। इसके काटने के बाद तुरंत उस हिस्से को साबुन और पानी से अच्छे से धो लें।
चिगर बाइट्स है खतरनाक
बता दें चिगर वे घुन होते हैं जो खेतों और जंगलों में या ठहरे हुए पानी के आसपस पनपते हैं। यह चिगर्स आपके कपड़ों से चिपक जाते हैं। साथ ही स्किन पर हमला करते हैं। चिगर के काटने से खुजली, लाल फुंसी जैसे घाव होते हैं। चिगर के काटने पर आमतौर पर इंसानों के पैरों, कमर या त्वचा की परतों पर लक्षण दिखते हैं। इसके काटने पर दर्द नहीं होता है। लेकिन उनमें खुजली हो सकती है। इसके काटने से घंटों खुजली रहती है।
मकड़ी का काटना
मकड़ी के काटने के बाद शरीर के हिस्से पर लालिमा, सूजन और दर्द होती है। कई मकड़ियां जहरीली होती हैं। यह शरीर में संक्रमण कर सकती हैं। मकड़ी के काटने की वजह से इंफेक्शन होने का डर रहता है।ऐसे में जरूरी है कि अगर आपको किसी जगह सूजन और जलन महसूस हो रही है तो तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।
इस बीमारी के होने खतरा
बता दें कीड़े के काटने से अधिकतर मामलों में स्केबीज की बीमारी हो जाती है। यह बीमारी किसी भी प्रकार के छोटे कीड़े के काटने की वजह से हो सकती है। इसमें कीड़ा काटने के बाद शरीर पर लाल दाने और काफी खुजली होती है। शरीर लाल हो जाता है और हल्का बुखार भी आ जाता है। अगर आपको ये लक्षण दिख रहे हैं तो तुरंत अस्पताल जा आकर इलाज करवाएं।
