इन दिनों लोगों की खराब लाइफस्टाइल की वजह से उन्हें कई तरह की समस्याएं घेर रही है। इन्हीं समस्याओं में से एक ब्लड कैंसर भी है। वहीं बहुत से लोग कैंसर की बीमारी का इलाज करवा के ठीक भी हो रहे हैं। ब्लड कैंसर (ल्यूकेमिया) एक गंभीर बीमारी है, जिसकी पहचान प्रारंभिक अवस्था में करना महत्वपूर्ण होता है। दरअसल ब्लड कैंसर होने पर हमारे शरीर में कुछ ऐसे लक्षण नजर आते हैं जिन्हें समय रहते पहचान कर और इलाज कर इसके जोखिम से बच सकते हैं।

ऐसे में शरीर में दिखने वाले इन चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए। प्रारंभिक पहचान और सही इलाज से रक्त कैंसर के उपचार की संभावना बढ़ जाती है और मरीज को बेहतर जीवन जीने का मौका मिलता है। अगर आपको इन लक्षणों में से कोई भी अनुभव हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर की मदद लें। चलिए इसके बारे में जानते हैं।

ब्लड कैंसर होने पर नजर आने वाले लक्षण

अत्यधिक कमजोरी और थकान

ब्लड कैंसर का सबसे आम संकेत अत्यधिक कमजोरी और थकान है। यह कमजोरी सामान्य दिनचर्या में हस्तक्षेप करती है और आराम करने के बाद भी ठीक नहीं होती। रक्त कैंसर में रेड ब्लड सेल्स की कमी हो जाती है, जिससे शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती और व्यक्ति हमेशा थका हुआ महसूस करता है।

बार-बार संक्रमण और बुखार

रक्त कैंसर के रोगियों में वाइट ब्लड सेल्स की संख्या या कार्यक्षमता कम हो जाती है, जिससे उनका इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है। इसका परिणाम होता है बार-बार संक्रमण और बुखार। साधारण संक्रमण भी गंभीर रूप ले सकता है और बार-बार बुखार आना आम हो जाता है।

त्वचा पर चोट या खून का बहना

ब्लड कैंसर के कारण प्लेटलेट्स की संख्या में कमी हो जाती है, जो रक्त को जमने में मदद करते हैं। इसके परिणामस्वरूप छोटी सी चोट या कटाव से भी अधिक खून बहने लगता है। त्वचा पर छोटे-छोटे लाल या बैंगनी धब्बे (पेटीचिया) भी दिख सकते हैं, जो संकेत देते हैं कि आपके शरीर में प्लेटलेट्स की कमी हो रही है।

हड्डियों और जोड़ों में दर्द

ब्लड कैंसर हड्डियों के भीतर बढ़ने लगता है, जिससे हड्डियों और जोड़ों में दर्द होता है। यह दर्द विशेष रूप से पीठ, पैर और कूल्हों में अधिक महसूस होता है। रात के समय यह दर्द बढ़ सकता है और सामान्य दर्दनिवारक दवाओं से ठीक नहीं होता।

वजन और भूख में कमी होना

बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन का कम होना और भूख में कमी भी ब्लड कैंसर के महत्वपूर्ण संकेत हैं। शरीर में कैंसर की उपस्थिति मेटाबोलिज्म को प्रभावित करती है, जिससे व्यक्ति की भूख कम हो जाती है और वजन तेजी से घटने लगता है।

अन्य लक्षण

इन प्रमुख संकेतों के अलावा,अन्य लक्षणों में सांस लेने में कठिनाई, नाक या मसूड़ों से खून बहना और अत्यधिक पसीना (विशेषकर रात में) शामिल हो सकते हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *