अगर आपने भी कोई भी हेल्थ इंश्योरेंस ली हुई है तो आपको अब उसका क्लेम पाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा दरअसल हेल्थ इंश्योरेंस सर्विसेज देने वाली कम से कम 33 बड़ी कंपनियां नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज (NHCX) के साथ जुड़ गयी हैं। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जिसे सरकार ने बीमा दावों से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए बनाया है
बता दें अभी तक यह काम कई अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए किया जाता था, जिससे समय बहुत लगता था। वहीँ अब NHCX के इस्तेमाल से न सिर्फ बीमा दावों की प्रक्रिया तेज होगी बल्कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी भी रहेगी। इससे देश की शीर्ष बीमा नियामक संस्था भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) के पास दावों के निपटान की स्थिति की रीयल टाइम की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
क्या कहा नेशनल हेल्थ अथॉरिटी ने
आपको बता दें नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि आम लोग भी मोबाइल के जरिए अपने बीमा दावे की स्थिति को बड़ी ही आसानी से देख सकेंगे। ये प्लेटफार्म NHA की तरफ से ही डेवेलप किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों ने परीक्षण के तौर पर NHCX के माध्यम से दावों का निपटान शुरू कर दिया है और जल्द ही सभी सुविधाओं के साथ प्लेटफॉर्म को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया जाएग ।
क्या होगा बदलाव
सूत्रों के मुताबिक NHCX का उद्देश्य फिलहाल कारोबार को कण्ट्रोल में लाना है। लेकिन इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग भविष्य में ऐसी प्रणालियां विकसित करने के लिए किया जा सकता है जिनको प्लेटफॉर्म में जोड़ा जा सके ताकि अनुचित आधारों पर दावों को अस्वीकार करने जैसी गड़बड़ियों को रोका जा सके। अभी इलाज के लिए अस्पताल जाने वाले मरीज अपनी बीमा पॉलिसी का विवरण या थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (TPA) या बीमा कंपनी द्वारा जारी किया गया कार्ड दिखाते हैं। इसके बाद अस्पताल संबंधित बीमा कंपनियों के क्लेम प्रोसेसिंग पोर्टल पर जाता है और पूर्व अनुमोदन या दावा अनुमोदन प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज अपलोड करता है।
लेकिन अब इस प्रोसेस के जरिये पेशेंट अपने दावों के निपटान की प्रगति की निगरानी स्वयं कर सकेंगे। यह एक बड़ी राहत की बात है।
