बहुत से लोग हैं जो आज के समय में नौकरी की तलाश में घर से हजारों किलोमीटर दूर पीजी में रहते हैं। ऐसे में उन्हें हर रोज खाने की परेशानी से गुजरना पड़ता है। कई बार ऐसा होता है कि उन्हें सुबह के समय टाइम पर नाश्ता नहीं मिल पाता है, जिस वजह से वे बिना कुछ खाए ही ऑफिस चले जाते हैं। ऐसा ही हाल भी कॉलेज जाने वाले लड़के-लड़कियों का भी है।
ऐसे में अगर आप भी पीजी में रहते हैं और हर बार नाश्ते के चक्कर में लेट हो जाते हैं तो आपके लिए कुछ बेहतर नाश्ते के ऑप्शन लेकर आए हैं और इन्हें प्रिपेयर करना भी आसान है। ये जल्दी तो बन जाते हैं और साथ ही खाने में भी हेल्दी हैं।
Healthy breakfast
दूध के साथ तैयार करें फ्रूट्स और ओट्स
सुबह के समय तो बहुत जरूरी है कि कुछ हेल्दी खाया जाए। इसलिए अगर कुछ हेल्दी और जल्दी तैयार करना चाहते हैं तो दूध के साथ फ्रूट्स और ओट्स खाएं। इसको तैयार करना बहुत आसान है। इसके लिए दूध को हल्का गर्म करें और एक बाउल में डाल दें। फिर ओट्स को डालें। चाहें तो इसके ऊपर केले, सेब, ड्राई फ्रूट्स और शहद को मिला सकते हैं। ये नाश्ता आपको एनर्जी देगा।
मखाना चाट
मखाना चाट बनाना चाहते हैं तो इसके लिए मखाने को घी या फिर ऑलिव ऑयल में मीडियम आंच पर कुरकुरा होने तक भुनें। इसके बाद एक छोटे बर्तन में भुने हुए मखानों को डालें और कटा हुआ प्याज, खीरा, हरी मिर्च और नींबू के रस को डाल दें। फिर काला नमक, चाट मसाला, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर डालकर सही से मिक्स कर लें। चाहें तो सजावट के लिए धनिया पत्ता भी डाल सकते हैं।
सूजी उपमा
सुबह के नाश्ते में आप सूजी उपमा भी खा सकते हैं। सबसे पहले एक पैन में हल्के तेल को गर्म करें। फिर इसमें राई, हरी मिर्च और सब्जियां डाल दें। इसमें सूजी को डालकर हल्का भून लें। कुछ तीन मिनट के बाद पानी डाल दें। इस तरह से आप सूजी उपमा को आसानी से तैयार कर सकते हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
