वैसे तो शराब पीना सेहत के लिए कितना नुकसानदेह है यह तो हम सभी जानते हैं। लेकिन इसके बावजूद अधिकांश लोग शराब पीते हैं।  बता दें तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की जान चली गई है। वहीं यह जहरीली शराब पीने से करीब 33 लोगों की मौत और 60 से ज्यादा लोगों की कंडीशन नाजुक है जोकि अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि इस मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने 200 लीटर जहरीली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बता दें कि इन जहरीली शराब में मेथनॉल मिला हुआ था।

तमिलनाडु के सीएम ने इस घटना को लेकर शेयर की पोस्ट

बता दें कि इस मामले को लेकर तमिलनाडु के सीएम एम के स्टालिन ने शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें लिखा कि कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने से लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और दुखी हूँ। इस अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अगर जनता ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के बारे में जानकारी देती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। समाज को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधों को सख्ती से दबाया जाएगा।

जिले के नए कलेक्टर ने किया अस्पताल का दौरा

इस घटना के बाद सरकार ने सख्ती दिखाते हुए, इस मामले की जांच की जिम्मेदारी CB-CID को सौंप दिया है। वहीं कल्लाकुरिची जिला के DM श्रवण कुमार जाटवथ को ट्रांसफर कर दिया गया है। इतना ही नहीं SP समय सिंह मीना को सस्पेंड करने के साथ कल्लाकुरिची निषेध शाखा के अधिकारियों सहित नौ अन्य पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि इस दौरान कल्लाकुरिची जिले के नए कलेक्टर एमएस प्रशांत ने सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। साथ ही राजथ चतुर्वेदी को यहां का पुलिस ऑफिसर नियुक्त किया गया है।

राज्यपाल ने भी जताया शोक

वहीं तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने भी मौतों पर शोक जताते हुए कहा कि मुझे यह जानकर बहुत सदमा लगा कि नकली शराब के सेवन के कारण कल्लाकुरिची में कई लोगों की जान चली गई। कई अन्य गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मैं कामना करता हूं कि अस्पतालों में भर्ती लोग शीघ्र स्वस्थ हों।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *