एक तरफ जहां सोशल मीडिया हमारा एंटरटेनमेंट का साधन है वहीं यह हमें घर बैठे चीजों की डिलीवरी के लिए ऑनलाइन ऑर्डर करने की भी सुविधा प्रदान करती है। ऐसे में हम सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ऑर्डर किये जाने वाले खाने में कुछ अन्य चीज निकलने के मामले भी सुनते हैं। कुछ ऐसा ही मामला नोएडा से भी सामने आया है। जहां एक महिला ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर किया। जिसमें एक सेंटीपीड यानी कनखजूरा पाया गया।
वहीं बिहार के एक कॉलेज कैंटीन में खाने में सांप का मरा हुआ बच्चा पाया गया है जोकि काफी हैरान करने वाला है। जिससे लोगों में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
आइसक्रीम से निकला कनखजूरा

हाल ही में नोएडा की रहने वाली एक महिला ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर किया। डिलीवरी के बाद जब महिला ने आइसक्रीम का डिब्बा खोला तो उसमें एक कनखजूरा पाया। जिसे देख वह महिला एक दम से घबरा गई और आइसक्रीम को फेंक दी। वहीं यह आइसक्रीम अमूल कंपनी की बताई जा रही है। ऐसे में महिला ने ब्लिंकिट कॉमर्स कंपनी को शिकायत कर दी है और कंपनी ने महिला को सारे पैसे वापस कर दिए हैं। हालांकि अभी तक अमूल कंपनी की और से इस मामले को लेकर कोई कॉल या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
कॉलेज कैंटीन के खाने में निकला मरा हुआ सांप

बिहार के बांका के एक इंजीनियरिंग कॉलेज कैंटीन के खाने में मरा हुआ सांप का बच्चा मिलने का मामला सामने आया है। दरअसल कॉलेज के स्टूडेंट्स ने कैंटीन में मिलने वाले खाने में मरा हुआ सांप का बच्चा मिलने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं इस खाने के सेवन से 10 से 15 स्टूडेंट बीमार हो गए हैं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बीमार हुए छात्रों ने बताया कि गुरुवार रात कैंटीन में खाना खाते समय एक स्टूडेंट के प्लेट में मरा हुआ सांप का बच्चा पाया गया। जिसके बाद कुछ छात्रों को मतली और उल्टी आदि की परेशानी होने लगी। रिपोर्ट के मुताबिक कॉलेज के स्टूडेंटस ने पहले भी कॉलेज प्रबंधन को खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की है । लेकिन कॉलेज प्रबंधन की तरफ से कोई सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में अब बांका के जिला मजिस्ट्रेट अंशुल कुमार ने खुद कॉलेज का दौरा किया और इस मामले की जांच की। हालांकि जांच के बाद मेस मालिक पर जुर्माना लगाया गया है।
पहले भी आइसक्रीम में कटी उंगली निकली
बता दें कि कुछ दिन पहले भी एक महिला ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर की थी। जिसमें एक इंसान की कटी उंगली पाई गई। हालांकि महिला द्वारा बनाई गई वीडियो काफी वायरल हुई। जिसके बाद लोग इस मामले को लेकर काफी गुस्सा हुए। ऐसे में अब ऑनलाइन ऑर्डर किये खाने में कीड़े निकलने के मामले को देखते हुए, अब लोगों के मन में ऑनलाइन खाने की चीजों को ऑर्डर करने और उसकी सुरक्षा को लेकर कई सारे सवाल खड़े हो रहे हैं।
