सर्दी-खांसी और ठंड के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का ख्याल रखना बेहद जरूरी होता है। इस मौसम में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाली चीज़ों में इम्यूनिटी और पाचन तंत्र शामिल हैं। ऐसे में लापसी, जो एक पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजन है, शरीर को गर्म रखने के साथ-साथ इम्यूनिटी बढ़ाने का भी काम करती है। यह खासकर सर्दियों के लिए एक बेहतरीन उपाय है।
पोषण से भरपूर और पाचन के लिए लाभकारी
लापसी एक ऐसे व्यंजन के रूप में सामने आती है, जो बच्चों और बुजुर्गों दोनों के लिए फायदेमंद है। इसे दलिया (टूटा गेहूं), गुड़ और घी से तैयार किया जाता है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है और सर्दियों में शरीर को गर्म रखता है। इसके अलावा लापसी का स्वाद बच्चों को बहुत पसंद आता है, जिससे इसे उनकी डाइट में आसानी से शामिल किया जा सकता है।
लापसी में आयरन, मैग्नीशियम, फाइबर और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो न केवल पाचन तंत्र को सही रखते हैं, बल्कि शरीर की ऊर्जा को भी बढ़ाते हैं। यह विशेष रूप से ठंड के मौसम में गठिया, खांसी और सर्दी जैसी समस्याओं से राहत पाने में मदद करता है।
राजस्थान और बिहार में खासा प्रसिद्ध
लापसी का इतिहास राजस्थान और गुजरात से जुड़ा हुआ है, जहां इसे पारंपरिक मिठाई के रूप में सर्दियों के दौरान खाया जाता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में इसे लपसी कहा जाता है। यह घी में भुने हुए दलिया या टूटे गेहूं से बनती है, जिसे दूध या पानी में पकाकर गुड़ और मेवे मिलाए जाते हैं। यह न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि पोषण से भी भरपूर होती है।
लापसी के फायदों पर एक नज़र
लापसी फाइबर का एक बेहतरीन स्रोत है, जो पाचन और मल त्याग में मदद करता है। इसके अलावा इसमें आयरन होता है, जो एनीमिया से लड़ने और थकान को दूर करने में मदद करता है। इसमें प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, जो बच्चों और बुजुर्गों के लिए फायदेमंद है। इसके अलावा इसमें शामिल गुड़ आयरन और खनिजों का अच्छा स्रोत है, जबकि घी और मेवे स्वस्थ वसा प्रदान करते हैं। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होने के कारण, डायबिटीज और वजन घटाने के लिए भी इसे सुरक्षित रूप से खाया जा सकता है।
अमिताभ बच्चन को भी है लापसी पसंद
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लापसी बेहद पसंद है। उनके 80वें जन्मदिन पर जब उनके परिवार ने केबीसी 14 के सेट पर उनके जन्मदिन का जश्न मनाया था, तो जया भादुरी ने उन्हें उत्तर प्रदेश की पारंपरिक मिठाई लपसी खिलाई थी। इस दौरान एक पुराना वीडियो भी दिखाया गया था, जिसमें अमिताभ अपने पिता हरिवंश राय बच्चन से पूछते हैं कि 80 साल की उम्र में क्या खाना चाहिए, और उनके पिता ने जवाब दिया था लपसी।
लापसी बनाने की सरल रेसिपी
सामग्री:
1 कप दलिया (टूटा गेहूं)
3 टेबलस्पून घी
3/4 कप गुड़ (कद्दूकस किया हुआ)
2.5 कप पानी
1/4 टीस्पून इलायची पाउडर
मेवे (बादाम, काजू, किशमिश)
बनाने का तरीका
एक कढ़ाई में घी गरम करें और दलिया को सुनहरा भूरा होने तक भूनें।
पानी डालें और धीमी आंच पर ढककर दलिया को नरम होने तक पकाएं।
दलिया पकने के बाद गुड़ डालें और इसे अच्छे से मिलाएं।
गुड़ पूरी तरह घुलने और लापसी गाढ़ी होने तक पकाएं।
इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालकर मिलाएं।
गरमागरम परोसें और स्वाद का आनंद लें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
