सुबह-सुबह काम के चक्कर में अकसर लोग यो तो खाकर नहीं जाते खाना या लेकर नहीं जाते। ये इसलिए करते हैं क्योंकि वे लेट हो जाते हैं तो अपनी इस आदत को बदलिए और सुबह सही समय पर उठकर अपना खाना लेकर भी जाएं और खाकर भी जाएं, लेकिन कई बार ऐसा भी नहीं हो पाता, जितनी मर्जी जल्दी उठ जाओ तब भी खाना नहीं लेकर जाते। ऐसे में हम आपको एक हेल्दी और झट से बनने वाली टेस्टी डिश बताएंगे, जिस आप ऑफिस, स्कूल या कॉलेज ले जा सकते हैं।
बनाने की विधि
यहां आपको सोया आलू मटर पुलाव बनाने के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए आपको चाहिए मुट्ठीभर सोया चंक्स, 1 गिलास चावल, 2 टमाटर और प्याज, एक कप आलू और हरा मटर, एक चम्मच घी, स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा, धनिया और हल्दी पाउडर, गर्म मसाला और चुटकीभर हींग।
इस रेसिपी को बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर, प्याज और आलू को काट लें और मटर को छील लें। इसके बाद चावल और सोया चंक्स को धोकर और अलग-अलग पानी में भिगोकर रख दें। अब कुकर में घी डालकर गर्म करें। जब घी गर्म हो जाए तो इसमें जीरा डालकर भून लें। इसके बाद प्याज डालें और गोल्डन ब्राउन होने दें। जब प्याज गोल्डन ब्राउन हो जाए तो टमाटर डालें और इसके तुरंत बाद नमक। इस तरह टमाटर जल्दी गल जाते हैं।
अब एक-एक कर बाकी मसाले यानी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और हींग डालकर अच्छी तरह चला लें। जब सारे मसाले डल जाएं तो आलू और मटर डालकर चला लें। याद रखें मसालों को भी भूनना है। आखिर में भीगे हुए चावल और सोया चंक्स डाल दें। कुकर में 2 कप पानी डालें और 3 सीटी आने तक पकने दें।
लीजिए आपका स्वादिष्ट और सेहतमंद लाजवाब सोया आलू मटर पुलाव बनकर तैयार हो जाएगा। इसे लंच में आराम से खा सकते हैं और अगर स्वाद और ज्यादा बढ़ाना चाहते हैं तो साथ में मसाला छाछ भी पी सकते हैं, जिसके बाद आप पूरी तरह फुल हो जाएंगे।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
