आजकल वैसे तो हर जगह ही वायु प्रदुषण है लेकिन दिल्ली-एनसीआर में तो बहुत बुरा हाल है। लोगों को सांस तक लेने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट्स लोगों को घर से बाहर निकलते वक्त मास्क पहनने की सलाह देते हैं लेकिन क्या आपके पेट्स को भी मास्क की जरूरत है?
एयर पॉल्यूशन आपके पेट्स की सेहत पर भी खराब असर डालता है, ऐसे में लोगों के मन में सवाल जरूर आता होगा कि क्या पेट्स को भी मास्क पहनाकर घर से बाहर ले जाना चाहिए? अगर, आप भी डॉग या कैट ओनर हैं और आप अपने पेट की सेफ्टी चाहते हैं तो ये लेख आपके लिए है।
एक्सपर्ट्स का कहना
एक्सपर्ट्स का कहना है कि इंसानों की तरह पालतू जानवरों को N95 या अन्य किसी भी तरह के मास्क की जरूरत नहीं होती। लेकिन हां, एयर पॉल्यूशन से उन्हें भी नुकसान हो सकता है। ऐसे में आप ये कर सकते हैं कि अपने पेट्स को बहुत देर तक बाहर न रखें या ज्यादा समय के लिए बाहर न घुमाएं। और अगर घर में एयर प्यूरीफायर है तो चालू करके ही रखें।
मास्क की क्यों जरूरत नहीं?
अब आप सोच रहे होंगे कि क्यों उन्हें मास्क की जरूरत नहीं है। इस सवाल पर एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुत्तों को स्वस्थ रहने के लिए रक्त में 94 प्रतिशत से ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है और कुत्ते, बिल्ली जैसे जानवर अपना मुंह खोलकर हांफते या सांस लेते हैं। ऐसा करना से जीभ पर रक्त वाहिकाएं उनके शरीर के तापमान को नियंत्रित करती हैं। और ऐसे में अगर वे मास्क लगाते हैं तो उन्हें सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
फिर कैसे रखें ख्याल
पालतू जानवरों को देर शाम और सुबह सैर पर न ले जाएं, क्योंकि इस समय प्रदूषण या धुंध ज्यादा होती है। आप दोपहर के समय हल्की धूप निकलने पर उन्हें थोड़ी देर के लिए बाहर ले जा सकते हैं। अपने पेट्स के खानपान पर ज्यादा ध्यान दें। उन्हें अच्छी डाइट दें। इस बात का ध्यान रखें कि सैर पर ले जाते समय पालतू जानवरों को दौड़ाएं नहीं, क्योंकि इससे उनके जहरीली हवा में सांस लेने की संभावना बढ़ जाएगी।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
