दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) “गंभीर” श्रेणी में पहुंच चुका है। इस खराब हवा का असर न सिर्फ बाहर बल्कि कार के अंदर भी महसूस किया जा सकता है। खासकर उन लोगों को जो लंबे समय तक गाड़ी में रहते हैं, उन्हें सेहत से जुड़ी समस्याओं का खतरा हो सकता है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि कार चलाते वक्त मास्क पहनना चाहिए या नहीं? अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो रोजाना कार में घंटों बिता रहे हैं, तो यहां कुछ काम के टिप्स दिए गए हैं जो आपको प्रदूषण से बचाने में मदद कर सकते हैं।
कार चलाते वक्त मास्क पहनें या नहीं
दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए PM2.5 और PM10 जैसे छोटे प्रदूषक कण हवा में मौजूद हैं, जो आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं। यदि आपकी कार में उच्च गुणवत्ता वाला एयर फिल्टर (HEPA) लगा है और आप एयर सर्कुलेशन मोड का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अंदर की हवा फिल्टर हो जाती है और मास्क पहनने की आवश्यकता कम हो जाती है। लेकिन अगर आपकी कार में साधारण एयर फिल्टर है, तो प्रदूषक कण बाहर से अंदर आ सकते हैं, और ऐसे में मास्क पहनना फायदेमंद हो सकता है।
मास्क पहनने के फायदे
N95 या N99 मास्क पहनने से PM2.5 और PM10 जैसे प्रदूषण से सुरक्षा मिलती है, जो सांस की समस्याओं, एलर्जी और दमा जैसी समस्याओं वाले लोगों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। हालांकि लंबे समय तक मास्क पहनने से असुविधा हो सकती है, और अगर मास्क सही से फिट न हो, तो उसका असर भी कम हो जाता है। इसलिए मास्क पहनने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह सही तरीके से फिट हो।
खिड़कियां बंद रखें
सर्दियों में अक्सर लोग एसी बंद करके खिड़कियां खोलकर सफर करना पसंद करते हैं, लेकिन प्रदूषित हवा को अंदर आने से रोकने के लिए यह आदत बदलनी चाहिए। दिल्ली जैसे शहरों में जहां प्रदूषण अधिक है, खिड़कियां खोलने से बाहरी प्रदूषण कार के अंदर घुस सकता है, जिससे श्वसन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बेहतर है कि खिड़कियां बंद रखें और एसी को सामान्य तापमान पर सेट करें।
कार में एयर प्यूरिफायर लगवाएं
आजकल कई कारों में एयर प्यूरिफायर पहले से इंस्टॉल होते हैं, लेकिन अगर आपकी कार में यह सुविधा नहीं है तो आप इसे अलग से खरीद सकते हैं। एयर प्यूरिफायर कार के केबिन में हवा को शुद्ध करता है और प्रदूषक कणों और हानिकारक गैसों को खत्म करता है, जिससे श्वसन स्वास्थ्य में सुधार होता है। यह आपकी यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाएगा।
इन आसान उपायों को अपनाकर आप दिल्ली की जहरीली हवा से अपनी और अपने परिवार की सेहत की रक्षा कर सकते हैं।
