दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने लोगों की सेहत को गंभीर खतरे में डाल दिया है। फेफड़ों को तो प्रदूषण से नुकसान होने का खतरा है ही, लेकिन जिन लोगों को पहले से ही हृदय संबंधी समस्याएं हैं, उनके लिए बढ़ता प्रदूषण हार्ट अटैक और हार्ट फेलियर जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि वायु प्रदूषण की वजह से दिल और रक्तवाहिकाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा और बढ़ जाता है।

वायु प्रदूषण का हृदय पर असर

वायु प्रदूषण के कारण हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर (PM2.5) और अन्य हानिकारक गैसें रक्त वाहिकाओं को संकरा और सख्त बना सकती हैं। इसके परिणामस्वरूप रक्त का प्रवाह कम हो जाता है, जिससे थक्के बनने का खतरा बढ़ता है और दिल की धड़कनों में अनियमितता उत्पन्न हो सकती है। यही नहीं प्रदूषण के संपर्क में आने से हृदय की विद्युत प्रणाली भी प्रभावित हो सकती है, जो दिल के दौरे को ट्रिगर कर सकती है। इस वजह से हृदय रोगों के शिकार लोगों को प्रदूषित हवा के संपर्क से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

प्रदूषण से बचाव के उपाय

प्रदूषण से बचें

सबसे जरूरी है कि जब वायु गुणवत्ता खराब हो, तो घर के अंदर रहें और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखें। बाहर जाने से बचें, खासकर सुबह और शाम के समय, जब प्रदूषण का स्तर ज्यादा होता है।

मास्क पहनें

बाहर जाने की स्थिति में हमेशा मास्क पहनें, खासकर N95 या N99 मास्क, जो प्रदूषण से सुरक्षा प्रदान करते हैं।

एयर क्लीनर का उपयोग करें

घर के अंदर की हवा को शुद्ध रखने के लिए एयर क्लीनर का इस्तेमाल करें। इससे हवा में मौजूद हानिकारक कण बाहर निकल जाएंगे और इनडोर वायु गुणवत्ता बेहतर होगी।

नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं

ब्लड प्रेशर और हृदय स्वास्थ्य की नियमित जांच करवाना जरूरी है। स्वस्थ आहार लेना और व्यायाम करना भी हृदय को स्वस्थ रखने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

धूम्रपान से बचें

विशेषज्ञों के अनुसार धूम्रपान से हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। धूम्रपान से धमनियों में प्लाक जमा होता है, जिससे रक्त प्रवाह कम होता है और दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। प्रदूषण और धूम्रपान की आदत दोनों मिलकर हृदय के लिए बहुत हानिकारक हो सकती हैं। इसलिए हृदय स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए धूम्रपान छोड़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी केवल जागरूकता के लिए है और किसी भी चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए हमेशा विशेषज्ञ से सलाह लें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *