यूं तो खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए नमक बहुत जरूरी है। लेकिन बहुत ज्यादा नमक खाने से हमारे सेहत पर भी इसका बुरा असर पड़ सकता है। हालांकि ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि डबल्यूएचओ ने भी अपनी रिपोर्ट में इस बात को स्वीकार किया है। ऐसे में जापान ने एक अनोखे चम्मच का आविष्कार किया है जो भोजन को नमकीन बना देता है। मतलब की किसी भी खाने को जरूरत के हिसाब से नमकीन बना देता है। वहीं यह उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो लोग कम नमक खाने की कोशिश कर रहे हैं। स्टडी की माने तो यह खाने को हेल्दी बनाने में अहम भूमिका निभाती है। आइए इस अनोखे बैटरी वाले चम्मच के बारे में जानते हैं।
क्यों बनाया गया इस अनोखे चम्मच को
खाने में बहुत ज्यादा नमक खाने से हमारी सेहत को काफी बुरा प्रभाव पड़ता है। जिससे बॉडी के कई हिस्सों में सूजन होना, शरीर में पानी जमना, पेट फूलना आदि समस्या शामिल है। यही कारण है कि डॉक्टर हमेशा लोगों को सलाह देते हैं कि जितना हो सके नमक का सेवन कम करें। इन बातों को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिकों ने बैटरी से चलने वाला एक ऐसा चम्मच बनाया है जो खाने को खुद नमकीन बना देता है। वहीं अब यह चम्मच मार्केट में भी आ गया है और इसकी कीमत 10,469.79 रुपये है।
क्या है इस अनोखे चम्मच की स्टडी
स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक मीजी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर होमी मियाशिता ने अन्य शोधकर्ताओं के साथ मिलकर इस अनोखे चम्मच का आविष्कार किया। वहीं यह चम्मच प्लास्टिक और धातु से बना हुआ है। इस चम्मच को बनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को सीमित मात्रा में सेवन कराना है। रिपोर्ट के मुताबिक इस ‘इलेक्ट्रिक सॉल्ट स्पून’ टेकनीक ने 2023 में आईजी नोबेल अवार्ड जीता है। बता दें कि यह एक ऐसा मंच है जहां अनोखे चीजों पर की गई स्टडी को सम्मान दिया जाता है। स्टडी में ये भी बताया गया है कि बहुत ज्यादा नमक खाने से शरीर में हाई बीपी, स्ट्रोक आदि गंभीर समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। हालांकि जापान में डबल्यूएचओ द्वारा निर्धारित वयस्क प्रतिदिन औसतन लगभग 10 ग्राम नमक खाते हैं। इसके अलावा शोध में दावा किया गया है कि यह हेल्दी खाने को बढ़ावा देता है।
