MDH और Everest मसालों में किसी भी तरह का कोई खतरनाक कैमिकल (एथिलीन ऑक्साइड) नहीं है। यह जानकारी Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने दी है। FSSAI ने कहा दोनों कंपनियों के मसालों के पूरे देश से सैंपल लिए, जिसके बाद इन्हें 28 लैब्स में टेस्ट किया गया। जिसमें कोई भी खतरनाक कैमिकल नहीं पाया गया है।
देश के अलग-अलग हिस्सों से लिए सैंपल
FSSAI ने 22 अप्रैल को मसालों की जांच के लिए देशभर में जांच अभियान शुरू किया था। जांच में महाराष्ट्र और गुजरात में एवरेस्ट की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स से 9 नमूने और दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में MDH की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स से 25 सैंपल का टेस्ट किया गया।
विशेष रूप से गठित वैज्ञानिक पैनल ने 34 सैंपल में से 28 की रिपोर्ट में एथिलीन ऑक्साइड के नहीं होने की पुष्टि की है। बाकी छह सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी हैं। देशभर में अन्य ब्रांडों के मसालों के 300 से अधिक सैंपल इकट्ठे किए गए थे। इनमें से किसी में भी एथिलीन ऑक्साइड की मौजूदगी नहीं थी।
हॉन्गकॉन्ग और सिंगापुर ने लगाया था बैन
दरअसल, हॉन्ग कॉन्ग और सिंगापुर की फूड एजेंसी ने एवरेस्ट के फिश करी मसाला पर रोक लगा दी थी। उन्होंने दावा किया था कि फिश करी मसाला में एथिलीन ऑक्साइड तय मात्रा से कहीं ज्यादा है। जिससे लंबे समय तक इसका सेवन करने से कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।
इन मसालों पर उठे थे सवाल
हॉन्ग कॉन्ग के Food Safety Center ने अनुमति सीमा से ज्यादा एथिलीन ऑक्साइड होने की बात कहते हुए MDH के मद्रास करी पाउडर, एवरेस्ट फिश करी मसाला, MDH सांभर मसाला मिश्रित मसाला पाउडर और MDH करी पाउडर मिश्रित मसाला पाउडर ना खरीदने के लिए कहा था।
