अमेरिका में हाल के दिनों में बर्ड फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। पहले यह बीमारी मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करती थी, लेकिन अब इंसानों में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में अमेरिका के वायोमिंग और ओहियो से दो लोगों में H5N1 बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है, जिन्हें बर्ड फ्लू के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है।

बर्ड फ्लू के मामले में इजाफा

US सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, अमेरिका में अब तक बर्ड फ्लू के 70 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा एक व्यक्ति की बर्ड फ्लू के कारण मृत्यु भी हो चुकी है। हालांकि अच्छी खबर यह है कि अब तक बर्ड फ्लू का कोई भी मामला इंसान से इंसान तक नहीं फैला है। सभी मामले संक्रमित पक्षियों से संपर्क में आने के कारण हुए हैं।

दो मरीजों में बर्ड फ्लू के लक्षणों की शुरुआत सांस से जुड़ी समस्याओं के रूप में हुई थी। हालांकि ओहियो के मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि वायोमिंग का मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती है। दोनों मरीज मुर्गी पालन का काम करते थे, और ऐसा माना जा रहा है कि यह संक्रमण उन्हीं के संपर्क में आने से हुआ।

क्या है बर्ड फ्लू

बर्ड फ्लू, जिसे एवियन इन्फ्लूएंजा भी कहा जाता है, एक संक्रामक बीमारी है, जो इन्फ्लूएंजा वायरस के टाइप ए स्ट्रेन से होती है। यह बीमारी मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करती है, लेकिन संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से इंसानों को भी यह वायरस संक्रमित कर सकता है।

बर्ड फ्लू के लक्षण

बर्ड फ्लू के लक्षण कुछ इस प्रकार होते हैं:

  • आंखों में लालिमा और जलन
  • बुखार और खांसी
  • गला खराब होना और नाक बहना
  • शरीर में दर्द और सिरदर्द
  • थकान और कमजोरी
  • दस्त और उल्टी

बर्ड फ्लू से बचने के उपाय

बर्ड फ्लू से बचने के लिए निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं:

  1. संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से बचें।
  2. मास्क, चश्मा और दस्ताने पहनें।
  3. वायरस से बचाव के लिए हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोएं।
  4. बीमार या मृत पक्षियों से दूर रहें और उन्हें न छुएं।

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।

 

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *