पीरियड्स के दौरान महिलाएं अब सैनिटरी पैड्स और टैम्पोन के मुकाबले मेंस्ट्रुअल कप का इस्तेमाल ज्यादा करने लगी हैं। यह कप पर्यावरण के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ दोबारा इस्तेमाल भी किया जा सकता है, जिससे यह किफायती साबित होता है। हालांकि हाल ही में एक अध्ययन ने यह चेतावनी दी है कि अगर मेंस्ट्रुअल कप का सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न कर सकता है, जिनमें किडनी की सूजन और पेशाब में खून आना जैसी समस्याएं शामिल हैं।
क्या है मेंस्ट्रुअल कप का खतरा?
ब्रिटिश मेडिकल जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में एक महिला के साथ एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या का मामला सामने आया। महिला ने 6 महीने तक दर्द और पेशाब में खून की समस्या महसूस की, जिसके बाद डॉक्टर से संपर्क किया। जांच में यह पता चला कि उनका मेंस्ट्रुअल कप गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया था, जिससे मूत्र नलिका में अवरोध आ गया था और गुर्दे में सूजन हो गई थी। इस स्थिति को “यूरेटरोहाइडरोनेफ्रोसिस” कहा जाता है, जो तब होती है जब मूत्र नलिका में अवरोध के कारण गुर्दे में सूजन आती है।
मेंस्ट्रुअल कप के उपयोग से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याएं
कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मेंस्ट्रुअल कप का सही तरीके से उपयोग न किया जाए तो इससे अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। हालांकि, एक अन्य रिपोर्ट में यह पाया गया है कि अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो मेंस्ट्रुअल कप उतना ही प्रभावी होता है, जितना कि अन्य सैनिटरी प्रोडक्ट्स, और इसका इस्तेमाल करने से टॉक्सिक शॉक सिंड्रोम (TSS) जैसी समस्याओं का जोखिम बेहद कम हो जाता है।
मेंस्ट्रुअल कप लगाने का सही तरीका
मेंस्ट्रुअल कप का सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले अपने हाथों को अच्छे से धोएं। फिर कप को मोड़कर वेजाइना के अंदर डालें। ध्यान रखें कि कप पूरी तरह से खुल जाए और सही जगह पर सेट हो जाए। कप को हमेशा टैम्पोन से थोड़ा नीचे रखना चाहिए। अगर कप को निकालने में परेशानी हो, तो कप के तलवे को हल्का दबाकर उसे बाहर निकालने की कोशिश करें।
सही हाइजीन का पालन करें
सिर्फ सही तरीका अपनाना ही नहीं, बल्कि हाइजीन का भी ध्यान रखना जरूरी है। मासिक धर्म कप को समय-समय पर धोकर और सही तरीके से स्टोर करके इसका उपयोग करना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की इंफेक्शन या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
