कोविड-19 महामारी के बाद एक नया वायरस HMPV (ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस) भारत में फैलने की खबर सामने आई है। बेंगलुरु के एक अस्पताल में आठ महीने के बच्चे में HMPV वायरस का पहला मामला सामने आया है। इस वायरस का पहला कंफर्म मामला अब भारत में पाया गया है, और विशेषज्ञ इसके प्रभाव को लेकर सतर्क हैं।
क्या है HMPV वायरस
HMPV वायरस मुख्य रूप से बच्चों को प्रभावित करता है और इसके लक्षण कोविड-19 जैसे होते हैं। यह वायरस आमतौर पर फ्लू जैसे लक्षण देता है, जिसमें खांसी, जुकाम और कभी-कभी निमोनिया भी शामिल हो सकता है। बच्चों में इसका असर अधिक गहरा होता है, खासकर 5 साल से छोटे बच्चों में। यह वायरस संक्रमण के कारण सांस लेने में कठिनाई भी पैदा कर सकता है और कभी-कभी अस्पताल में भर्ती की आवश्यकता होती है।
बच्चों में HMPV के लक्षण
HMPV के लक्षण आमतौर पर आरएसवी (रेस्पिरेटरी सिंसिटियल वायरस) की तरह होते हैं। इसमें खांसी, जुकाम, बुखार और सांस लेने में दिक्कत शामिल हो सकती है। बच्चों में कभी-कभी निमोनिया भी हो सकता है, जो गंभीर स्थिति में तब्दील हो सकता है। हालांकि अधिकांश बच्चों में यह वायरस गंभीर नहीं होता और कुछ ही दिनों में ठीक हो जाते हैं।
5 साल से छोटे बच्चों को ज्यादा खतरा
बाल रोग विशेषज्ञों के अनुसार 5 साल से छोटे बच्चों की इम्यूनिटी पूरी तरह से विकसित नहीं होती, जिससे HMPV वायरस उनके फेफड़ों को अधिक प्रभावित कर सकता है। कमजोर फेफड़े होने के कारण, यह बच्चे अधिक खतरे में होते हैं और सांस लेने में दिक्कत का सामना कर सकते हैं।
HMPV के कारण बच्चों में क्या समस्याएं हो सकती हैं?
यह वायरस कुछ मामलों में निमोनिया का कारण बन सकता है, जिससे बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ सकता है। खासकर जिन बच्चों को पहले से अस्थमा या ब्रोंकाइटिस जैसी समस्याएं हैं, उनके लिए यह वायरस ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
क्या करें, और कैसे रखें सावधानी
विशेषज्ञों का कहना है कि HMPV कोई नई बीमारी नहीं है। इसकी पहचान 2001 में हुई थी और तब से यह वायरस दुनियाभर में फैल चुका है। इस समय घबराने की बजाय, जागरूकता ही सबसे बड़ा उपाय है। बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए नियमित रूप से हाथ धोने की आदत डालें और संक्रमित इलाकों से बचने की कोशिश करें। इसके अलावा बच्चों को अच्छा आहार और पोषण देने से उनकी इम्यूनिटी मजबूत रहती है, जो उन्हें वायरस से बचाने में मदद करता है।
बच्चों की देखभाल में रखें इन बातों का ध्यान
हाथों की सफाई
बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने को बोलें।
संक्रमित क्षेत्रों से बचें
बच्चों को किसी भी संक्रमण वाले स्थान से दूर रखें।
सही खानपान
बच्चों को संतुलित आहार दें, ताकि उनकी इम्यूनिटी मजबूत हो।
स्वास्थ्य पर निगरानी
बच्चों में लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
इस वायरस से घबराने की बजाय, सही जानकारी और सावधानियों के साथ इससे बचाव किया जा सकता है।
