सिर दर्द एक सामान्य समस्या है, जिसे ज्यादातर लोग हल्के रूप में लेते हैं। हालांकि अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है या इसमें किसी तरह का असामान्य बदलाव देखा जाए, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। पेडियाट्रिक डॉक्टर मेघन मार्टिन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर सिर दर्द से जुड़ी चेतावनियां दी, जो लोगों के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि सिर दर्द कभी-कभी ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है।
सिर दर्द के खतरनाक संकेत
डॉ. मार्टिन ने अपने 1.6 मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के साथ साझा किया कि यदि सिर दर्द सुबह के समय ज्यादा होता है, तो यह एक रेड फ्लैग हो सकता है। इसका मतलब है कि इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा अगर सिर दर्द लगातार रोजाना हो रहा है, तो यह और भी चिंताजनक है। यदि सिर दर्द के साथ उल्टी और मितली भी हो रही है, तो यह डबल रेड फ्लैग का संकेत हो सकता है, जो ब्रेन ट्यूमर की ओर इशारा करता है।
डॉ. मार्टिन ने विशेष रूप से बताया कि अगर बच्चे को सुबह उठते ही सिर दर्द और उल्टी की शिकायत हो और यह कुछ दिनों से लगातार हो, तो यह ब्रेन ट्यूमर का एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है।
ब्रेन ट्यूमर के कारण सिर दर्द क्यों होता है?
ब्रेन ट्यूमर के कारण दिमाग पर दबाव बढ़ जाता है, जो नसों और रक्त वाहिकाओं को प्रभावित करता है। इसका परिणाम सिर दर्द के रूप में सामने आता है। ब्रेन ट्यूमर चैरिटी के अनुसार हर साल लगभग 12,000 लोग ब्रेन ट्यूमर से प्रभावित होते हैं, जिनमें 500 बच्चे और युवा शामिल होते हैं।
ब्रेन ट्यूमर के अन्य लक्षण
सिर दर्द के अलावा, ब्रेन ट्यूमर के कई अन्य लक्षण भी होते हैं जिन्हें पहचानना जरूरी है:
थकान
यदि यह लंबे समय तक बनी रहती है और अन्य लक्षणों के साथ हो।
सुनने, देखने या बोलने में समस्या
जैसे धुंधली दृष्टि, दोहरी दृष्टि या आंखों की असामान्य गतिविधियां।
संतुलन और ताकत में कमी
बच्चा अचानक लड़खड़ाकर चलने लगे या ठीक से खड़ा न हो पाए।
पर्सनैलिटी में बदलाव
बच्चे का व्यवहार या मानसिक स्थिति अचानक बदल जाए।
चेहरे की कमजोरी या दौरे
यह भी ब्रेन ट्यूमर का एक गंभीर संकेत हो सकता है।
डॉक्टर से कब संपर्क करें?
डॉ. मार्टिन के अनुसार यदि इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अस्पताल में CT या MRI स्कैन के जरिए मस्तिष्क की जांच की जा सकती है, जो ब्रेन ट्यूमर का सही पता लगा सकती है।
Disclaimer: यह जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध मान्यताओं और सूचनाओं पर आधारित है। तंदरुस्ताए नमः द्वारा प्रदान की गई किसी भी जानकारी या इनपुट की सटीकता की पुष्टि नहीं की जाती है। कृपया किसी भी जानकारी या धारणा को लागू करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से परामर्श लें।
