दिल्ली की हवा का स्तर दिन-ब-दिन खराब होता जा रहा है, और यह सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि पालतू जानवरों के लिए भी खतरनाक साबित हो रहा है। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 को पार कर गया है, जो गंभीर प्रदूषण का संकेत है। इस प्रदूषण का असर पालतू जानवरों की सेहत पर भी पड़ रहा है, जिससे उनके मालिक चिंतित हैं।
पालतू जानवरों की सेहत पर प्रदूषण का प्रभाव
हाल के कुछ हफ्तों में पशु चिकित्सकों के पास पालतू जानवरों से संबंधित समस्याओं के मामलों में 80% की बढ़ोतरी देखी गई है। खासकर पालतू जानवरों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। प्रदूषित हवा के कारण उन्हें अस्थमा जैसी समस्याएं हो रही हैं, और यह उनकी सेहत पर गहरा असर डाल रहा है। कई पेट मालिक अब अपने पालतू जानवरों को शहर से बाहर रिश्तेदारों के पास भेजने पर मजबूर हो गए हैं।
कैसे बचाएं पालतू जानवरों को प्रदूषण से
एक्सपर्ट्स ने पालतू जानवरों की सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी सलाह दी है:
बाहर ज्यादा न टहलाएं
प्रदूषण से बचाने के लिए अपने पालतू जानवरों को ज्यादा बाहर टहलाने से बचें। चाहे वह कुत्ता हो, बिल्ली हो, या चिड़ीया, सभी को घर के अंदर ही रखें। प्रदूषण से बचने के लिए पालतू जानवरों को बाहर न ले जाएं और उन्हें घर के अंदर ही टहलाएं।
हाइड्रेशन का ध्यान रखें
पालतू जानवरों को हमेशा पानी उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें पर्याप्त हाइड्रेशन मिल सके। यह उनकी सेहत के लिए फायदेमंद है, खासकर गर्मी और प्रदूषण के प्रभाव से बचने के लिए।
घर में एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें
घर के अंदर प्रदूषण से बचाव के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें। इससे प्रदूषित हवा को घर के अंदर आने से रोका जा सकता है और घर की हवा शुद्ध बनी रहती है।
सांस संबंधी समस्याओं के संकेत पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
अगर पालतू जानवर बेचैनी महसूस करें, तेजी से सांस लें, या सामान्य से अलग व्यवहार करें, तो यह प्रदूषण के कारण सांस लेने में समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। सही समय पर इलाज से पालतू जानवरों की सेहत को बचाया जा सकता है।
मास्क न पहनाएं
इंसानों की तरह कुत्तों या बिल्लियों को मास्क पहनाने की गलती न करें। यह उनके लिए असुविधाजनक हो सकता है और उनके शारीरिक स्वभाव को प्रभावित कर सकता है। मास्क उनकी सांस लेने की प्रक्रिया में रुकावट डाल सकता है, जिससे उनकी सेहत पर और नकारात्मक असर पड़ सकता है। पालतू जानवरों के लिए मास्क का इस्तेमाल करना न केवल अप्रभावी है, बल्कि यह उनके लिए खतरनाक हो सकता है।
